
हल्द्वानी। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कोतवाली हल्द्वानी परिसर स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की शांति और समृद्धि का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पुलिसकर्मियों ने प्रसाद ग्रहण किया। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्वयं श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित कर सेवा भाव का संदेश दिया। इसके बाद उन्होंने सिद्ध पीठ बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
एसएसपी ने गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु का आशीर्वाद जीवन का सबसे बड़ा मार्गदर्शन होता है। चाहे धर्मगुरु हों, इष्ट गुरु हों या शिक्षक, सभी हमें जीवन में सही दिशा दिखाते हैं और उनके प्रति श्रद्धा व कृतज्ञता रखना हमारा नैतिक कर्तव्य है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुख्ता व्यवस्थाएं की गई थीं। इस दौरान एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, कोतवाल विजय मेहता, पीआरओ एसएसपी हेमा ऐठानी और करन दानू सहित कई पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।