
लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश बोरा के विशेष प्रयासों से प्रदेश के दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को एक बड़ी राहत मिली है। बरसात, प्राकृतिक आपदा की मार और आगामी त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए अध्यक्ष मुकेश बोरा ने दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा को पत्र लिखकर 14 सितंबर 2026 को जारी पशु आहार की दरों में वृद्धि संबंधी आदेश पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए दुग्ध विकास मंत्री ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सचिव डेयरी विकास विभाग एवं प्रबंध निदेशक यूसीडीएफ को मूल्य वृद्धि के आदेश को अग्रिम आदेशों तक स्थगित करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। इस जनहितैषी निर्णय से नैनीताल जिले के 34 हजार और प्रदेशभर के लगभग 55 हजार दुग्ध उत्पादक पशुपालकों पर पड़ने वाला अतिरिक्त आर्थिक बोझ टल गया है।
अध्यक्ष बोरा ने जताया मंत्री बहुगुणा का आभार, आपदा व त्योहारों के बीच स्थगित हुआ संशोधन आदेश
उल्लेखनीय है कि 14 सितंबर के आदेश के तहत पशु-पक्षी आहार, मिनरल मिक्सचर, कॉम्पैक्ट फीड और साइलेज-भूसा की दरों में बढ़ोतरी तथा अनुदान में संशोधन प्रस्तावित किया गया था। वर्तमान परिस्थितियों में प्राकृतिक आपदा और भारी वर्षा के कारण पशुपालक पहले से ही आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे थे, ऐसे में दामों में बढ़ोतरी उनके लिए दोहरी मार साबित होती। दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने दुग्ध उत्पादक पशुपालकों के हित में त्वरित संज्ञान लेने और दर वृद्धि पर रोक लगाने के लिए दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का सहृदय आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मंत्रीजी के इस संवेदनशील निर्णय से पूरे प्रदेश के पशुपालकों में खुशी की लहर है।