हिमालय प्रहरी

लालकुआं: टांडा के जंगल में हाथियों द्वारा पेड़ गिराए जाने से लालकुआं-काशीपुर रेलमार्ग पर चार घंटे ठप रहा ट्रेनों का संचालन; पांच ट्रेनें फंसी, यात्रियों को हुई भारी फजीहत

खबर शेयर करें -
लालकुआं (नैनीताल)। टांडा के घने जंगल में जंगली हाथियों द्वारा पेड़ गिराए जाने के कारण सोमवार सुबह लालकुआं-काशीपुर रेलखंड पर रेल परिचालन करीब चार घंटे तक पूरी तरह ठप रहा। हाथियों द्वारा गिराया गया विशालकाय पेड़ 33 हजार केवी की हाई-वोल्टेज विद्युत लाइन पर जा गिरा, जिससे तार टूट गए और इस मार्ग पर चलने वाली पांच ट्रेनें अलग-अलग स्थानों पर फंस गईं। ट्रेनों के पहिए थमने से यात्रियों को भारी असुविधा और फजीहत का सामना करना पड़ा। रेलवे टीमों की त्वरित मशक्कत के बाद दोपहर में लाइन दुरुस्त कर रेल संचालन सुचारू किया जा सका।

टांडा जंगल में हाथियों ने गिराया पेड़, 33 हजार केवी की लाइन टूटी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 8 बजे लालकुआं से लगभग पांच किलोमीटर दूर लालकुआं-गूलरभोज रेलखंड के बीच टांडा के घने जंगल में हाथियों के झुंड ने रेलवे पटरी के समीप खड़े एक विशालकाय पेड़ को क्षतिग्रस्त कर नीचे गिरा दिया। पेड़ के गिरने से उसकी भारी-भरकम टहनी ऊपर गुजर रही 33 हजार केवी की हाई-वोल्टेज विद्युत लाइन पर जा गिरी, जिससे तार टूट गए और बिजली आपूर्ति बाधित होने के साथ ही रेल मार्ग ठप हो गया।
इस घटना के चलते लालकुआं से गूलरभोज की ओर जा रही यात्री ट्रेन संख्या 65301 घने जंगल के बीच बीच में ही फंस गई। इसके अलावा बरेली सिटी-काशीपुर डेमू स्पेशल, कासगंज-लालकुआं पैसेंजर, पाटलिपुत्र एक्सप्रेस और मुरादाबाद से लालकुआं आ रही ट्रेनों को भी सुरक्षा की दृष्टि से अलग-अलग स्टेशनों व मार्गाें पर रोकना पड़ा।

चार घंटे की मशक्कत के बाद बहाल हुआ संचालन, यात्रियों को उठानी पड़ी परेशानी

एक साथ पांच ट्रेनों का संचालन बाधित होने से यात्रियों को घंटों अपनी जगहों पर इंतजार करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही लालकुआं और काशीपुर से रेलवे की ट्रैक्शन डिस्ट्रीब्यूशन (TRD) और इंजीनियरिंग टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर विद्युत लाइन की मरम्मत का कार्य शुरू किया।
रेलवे कर्मचारियों ने करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टूटे हुए तारों को दुरुस्त किया और दोपहर करीब 12 बजे इस रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन दोबारा शुरू किया जा सका, जिसके बाद सभी प्रभावित ट्रेनों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
इस संबंध में इज्जतनगर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) सफदर हुसैन ने बताया कि हाथियों द्वारा पेड़ गिराए जाने से विद्युत लाइन टूटने के कारण कुछ समय के लिए रेल सेवाएं प्रभावित हुई थीं, लेकिन रेलवे कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई से दोपहर 12 बजे तक स्थिति पूरी तरह सामान्य कर ली गई।
Exit mobile version