मोटाहल्दू। बहुउद्देशीय मोटाहल्दू किसान सेवा सहकारी समिति के 47वें वार्षिक साधारण अधिवेशन (AGM) में समिति के विभाजन और नई समिति बनाए जाने के प्रस्ताव का पुरजोर विरोध किया गया। लक्ष्मी नारायण बैंक्वेट हॉल में समिति अध्यक्ष हेम चंद्र दुर्गापाल की अध्यक्षता में आयोजित अधिवेशन में सदस्यों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया कि समिति का विभाजन नहीं किया जाएगा और न ही नई बनी एम-पैक्स (M-PACS) के लिए परिसंपत्तियों का बंटवारा होगा। इसके साथ ही समिति को पूर्ववत संचालित रखने पर जोर देते हुए 24.92 करोड़ रुपये का वार्षिक बजट भी सर्वसम्मति से पारित किया गया।
1.60 करोड़ का ब्याजमुक्त ऋण वितरित, सदस्यों को 8 प्रतिशत लाभांश देने की घोषणा
वार्षिक अधिवेशन का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने किया, जबकि बैंक अधिकारियों ने समिति परिसर में माइक्रो एटीएम सुविधा का उद्घाटन किया। अधिवेशन के दौरान दीनदयाल उपाध्याय किसान कल्याण योजना के अंतर्गत पशुपालन, महिला स्वयं सहायता समूहों, भवन मरम्मत और कुटीर उद्योग के लिए 1.60 करोड़ रुपये का ब्याजमुक्त ऋण वितरित किया गया। इसके अलावा, समिति के अर्जित लाभ में से सम्मानित सदस्यों को आठ प्रतिशत लाभांश देने की घोषणा भी की गई।
विभागीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य दीपा चंदोला, ग्राम प्रधान रमेश जोशी, पुष्पा जोशी, नैनीताल डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक के सचिव/महाप्रबंधक आरएस रैना, शाखा प्रबंधक योगेश पांडे, दीपक भट्ट, सहायक विकास अधिकारी सूची शुक्ला, दीपक आर्य और क्षेत्र पंचायत सदस्य हरीश कबड़वाल समेत समिति के संचालक मंडल, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान व सदस्य उपस्थित रहे।
