हिमालय प्रहरी

युवा संवाद की सियासत: राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले सीएम धामी का ‘युवा अग्निवीर संवाद’, बोले— ‘अग्निवीरों के लिए बनेगा स्पेशल सेल, कांग्रेस काल में हावी था नकल माफिया’

खबर शेयर करें -

देहरादून। राजधानी देहरादून में आज युवाओं और छात्रों से संवाद को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। एक तरफ जहाँ आज शाम पांच बजे से कांग्रेस नेता राहुल गांधी छात्रों के साथ संवाद करने जा रहे हैं, वहीं उससे ठीक पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘युवा अग्निवीर संवाद’ कार्यक्रम में शिरकत कर युवाओं में नया जोश भरा। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं का यह उत्साह उन्हें प्रदेश के लिए निरंतर काम करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने घोषणा की कि उत्तराखंड में वापस लौटने वाले अग्निवीरों के लिए जल्द ही एक ‘स्पेशल सेल’ स्थापित किया जाएगा।

सैन्य परिवार से ताल्लुक रखने वाले मुख्यमंत्री धामी ने सैनिकों की समस्याओं को समझने की बात दोहराते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री और रक्षामंत्री के साथ-साथ सभी राज्य सरकारें अग्निवीरों के भविष्य को लेकर पूरी तरह गंभीर हैं। उत्तराखंड सरकार पहले ही यह निर्णय ले चुकी है कि सेना से सेवा पूरी कर लौटने वाले अग्निवीरों को राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में समायोजित कर विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने युवाओं को राज्य के विकास का सबसे सशक्त आधार बताते हुए कहा कि उनकी सरकार ने पिछले 5 वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी पदों पर नियुक्तियां दी हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार, खेल एवं नवाचार के क्षेत्र में निरंतर नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

संवाद के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए पेपरलीक के मुद्दों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एनडी तिवारी सरकार के समय से लेकर बाद की कांग्रेस सरकारों में दरोगा और पटवारी भर्ती समेत कई पेपरलीक हुए, लेकिन तब कभी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसके विपरीत, वर्तमान सरकार ने नकल माफियाओं के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया है। सीएम धामी ने दावा किया कि कांग्रेस के शासनकाल में केवल नकल माफियाओं के बच्चों का चयन होता था, जबकि आज प्रदेश में बिना किसी ‘पर्ची और खर्ची’ के आम परिवारों के बच्चों को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता ने स्थिरता और सुशासन को चुनकर चुनावों के पुराने मिथक को बदल दिया है और अब राज्य का भविष्य युवाओं के सुरक्षित हाथों में है।

Exit mobile version