
राजू अनेजा,काशीपुर। भारत विभाजन की त्रासदी में अपने घर-बार, जमीन-जायदाद और अपनों को खोने वाले पुरखों की स्मृति में उत्तरांचल पंजाबी महासभा काशीपुर इकाई की ओर से विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस की पूर्व संध्या पर “एक दीप पुरखों के नाम” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महाराणा प्रताप चौक पर आयोजित दीपोत्सव में जिले और नगर की कार्यकारिणी के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में पंजाबी समाज के लोग जुटे। सैकड़ों दीपों से चौक रोशन हुआ तो माहौल भावुक हो गया।
कार्यक्रम के दौरान पदाधिकारियों और समाज के लोगों ने दीप प्रज्वलित कर विभाजन के दौरान अपनी जान गंवाने वाले और विस्थापन का दंश झेलने वाले पुरखों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान भारत माता के जयकारों के साथ विभाजन की पीड़ा और उस दौर में समाज के लोगों द्वारा झेली गई यातनाओं को भी याद किया गया।
उत्तरांचल पंजाबी महासभा काशीपुर के अध्यक्ष संजय अरोड़ा ने कहा कि भारत का विभाजन केवल देश का बंटवारा नहीं था, बल्कि लाखों परिवारों के लिए जीवन की सबसे बड़ी त्रासदी थी। हमारे सैकड़ों पुरखों ने अपना घर, कारोबार, जमीन और अपनों को खोकर इस विभाजन का दंश झेला। अनेक लोगों ने अपनी जान तक गंवा दी, लेकिन उनके संघर्ष और साहस के कारण आज की पीढ़ी सुरक्षित भविष्य देख पा रही है।
जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र छाबड़ा ने कहा कि बलिदानी पुरखों को नमन करने के लिए “एक दीप पुरखों के नाम” कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने बताया कि हरिद्वार में पंजाबी समाज की ओर से एकजुटता के साथ विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी की जा रही है। उसी की पूर्व संध्या पर काशीपुर में जिला और नगर कार्यकारिणी ने मिलकर पुरखों की स्मृति में दीप जलाए।
जिला कोषाध्यक्ष राजेंद्र चावला ने कहा कि विभाजन की पीड़ा को इतिहास के पन्नों तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए। नई पीढ़ी को यह बताया जाना जरूरी है कि देश को आजाद कराने के बाद विभाजन के दौर में हमारे बुजुर्गों ने किस तरह कठिन परिस्थितियों का सामना किया और अपने खून-पसीने से नए भारत का निर्माण किया।
कार्यक्रम में मौजूद पदाधिकारियों ने कहा कि “एक दीप पुरखों के नाम” केवल दीप जलाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि उन अनगिनत परिवारों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करने का संकल्प है, जिनकी वजह से आज पंजाबी समाज देश के विभिन्न हिस्सों में मजबूती के साथ खड़ा है।
इस अवसर पर उत्तरांचल पंजाबी महासभा की जिला एवं नगर कार्यकारिणी के पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता और समाज के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।