हिमालय प्रहरी

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर एक्शन में कांग्रेस: विधायकों और दावेदारों का कराया जाएगा इंटरनल सर्वे, राहुल गांधी भी रख रहे नजर

खबर शेयर करें -

देहरादून। आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी सांगठनिक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अब प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर वर्तमान विधायकों और टिकट की दावेदारी कर रहे नेताओं का गहन ‘इंटरनल सर्वे’ कराने जा रही है। कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी स्तर पर इसकी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। इस सर्वे में चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं की क्षेत्र में सक्रियता, जनता के बीच उनकी छवि, संगठन के साथ समन्वय और पार्टी विचारधारा के प्रति उनके समर्पण जैसे तमाम महत्वपूर्ण पहलुओं का आकलन किया जाएगा।
दो स्तरों पर होगा सर्वे, राहुल गांधी भी ले रहे उत्तराखंड चुनाव में विशेष रुचि
प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने बताया कि कांग्रेस में टिकट वितरण की प्रक्रिया कई चरणों से होकर गुजरती है, जिसमें सबसे अहम भूमिका इंटरनल सर्वे की होती है। एक सर्वे ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) और शीर्ष नेतृत्व की ओर से गोपनीय तरीके से कराया जाता है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी उत्तराखंड के आगामी चुनावों में विशेष रुचि ले रहे हैं, ऐसे में केंद्रीय नेतृत्व का सर्वे प्रक्रिया में अहम रोल रहेगा। वहीं, दूसरा सर्वे उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से कराया जाएगा, जिसमें नेताओं का जनता से जुड़ाव और क्षेत्र में उनकी मौजूदगी को परखा जाएगा।
सर्वे और CEC की बैठक के बाद ही तय होंगे प्रत्याशी
प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि सर्वे रिपोर्ट तैयार होने के बाद इसे सिलेक्शन कमेटी के पास भेजा जाएगा। कमेटी प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से कुछ प्रमुख नामों का चयन करेगी, जिसके बाद इन नामों पर केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की बैठक में अंतिम विचार-विमर्श होगा। सर्वे की निष्पक्ष रिपोर्ट और शीर्ष नेतृत्व की चर्चा के बाद ही प्रत्याशियों के नामों पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी। इस प्रक्रिया से पार्टी सबसे जिताऊ और जनता के बीच लोकप्रिय चेहरे को ही चुनावी मैदान में उतारेगी।
Exit mobile version