हिमालय प्रहरी

अल्मोड़ा में बारिश का कहर: हवालबाग के उडयूडा में मकान पर गिरा पहाड़ी से मलबा, एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत

खबर शेयर करें -

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा जिले के हवालबाग विकासखंड अंतर्गत उडयूडा ग्राम पंचायत में मंगलवार सुबह मूसलाधार बारिश के बाद एक भीषण हादसा हो गया। पहाड़ी से खिसका भारी-भरकम मलबा अचानक एक आवासीय मकान में जा घुसा, जिससे घर के भीतर मौजूद एक ही परिवार के तीन लोग मलबे के नीचे दब गए। इस दर्दनाक हादसे में तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग में हड़कंप मच गया।
एसडीआरएफ ने कड़ी मशक्कत के बाद निकाले शव, गांव में पसरा मातम
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (SDRF) और जिला आपदा प्रबंधन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर राहत व बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद मलबे को हटाकर तीनों लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। मृतकों की पहचान प्रेमा देवी (41 वर्ष) पत्नी राजेंद्र राम, उनके पुत्र मनीष (17 वर्ष) और पुत्री कल्पना (19 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे के बाद पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
डीएम अंशुल सिंह ने की पुष्टि, प्रभावित परिवार को राहत देने के निर्देश
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि उडयूडा गांव में बारिश के कारण मकान में मलबा घुसने की सूचना पर तत्काल रेस्क्यू टीमों को रवाना किया गया था। रेस्क्यू अभियान चलाकर तीनों पीड़ितों के शव बरामद कर लिए गए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशासन की ओर से नियमानुसार प्रभावित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है।
Exit mobile version