हिमालय प्रहरी

लालकुआं में विकास कार्यों की समीक्षा: विधायक डॉ. बिष्ट ने दिए कड़े निर्देश, नहर कवरिंग व गौला कटान के काम जनवरी तक पूरे करने का अल्टीमेटम

खबर शेयर करें -
लालकुआं। क्षेत्र में संचालित विकास योजनाओं और बुनियादी ढांचे से जुड़े निर्माण कार्यों में गति लाने के उद्देश्य से नगर पंचायत सभागार में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से जारी परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट ली। विधायक ने स्पष्ट रुख अपनाते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिकांश विकास कार्य हर हाल में दिसंबर तक और शेष बचे सभी निर्माण कार्य जनवरी तक पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने चेताया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की हीलाहवाली या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा अधिकारी नियमित रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करें।
नहर कवरिंग, गौला तटबंध और जलभराव की समस्याओं का प्राथमिकता से होगा समाधान
समीक्षा बैठक के दौरान विधायक ने गौला नदी के किनारे भूकटाव को रोकने के लिए जारी सुरक्षात्मक कार्यों को तुरंत पुन: शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही तीनपानी से मोतीनगर और बंगाली कॉलोनी में भोला मंदिर से स्लीपर फैक्ट्री तक नहर कवरिंग कार्य को गति देने तथा सड़क के स्तर के अनुसार ही नहर की ऊंचाई रखने को कहा ताकि मार्ग चौड़ीकरण का लाभ जनता को मिल सके। इसके अतिरिक्त मोटाहल्दू रेलवे क्रॉसिंग के पास जलभराव, जमरानी नहर की पुलिया से जुड़ी समस्याएं, काठगोदाम के पास क्षतिग्रस्त नहर का पुनर्निर्माण और बिंदुखत्ता में विद्युतीकरण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। बैठक में एसडीएम रेखा कोहली, जमरानी परियोजना के प्रोजेक्ट मैनेजर शाहनवाज सहित सिंचाई, लोनिवि और विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी व भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Exit mobile version