रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। उत्तराखंड के रुद्रपुर जिला अस्पताल परिसर में इमरजेंसी वार्ड के बाहर मोबाइल कारोबार की रंजिश के चलते हुए सनसनीखेज खूनी संघर्ष और एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित और कड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अजय गणपति के निर्देशों पर गठित पुलिस टीमों ने घटना के महज 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद मामले में कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या तीन हो गई है।
मोबाइल कारोबार की प्रतिस्पर्धा से शुरू हुआ था विवाद, अस्पताल में हो गया खूनी संघर्ष
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर 2026 की सुबह ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के जगतपुरा में ‘प्रजापति टेलीकॉम’ और ‘राज टेलीकॉम’ के संचालकों के बीच मोबाइल व्यवसाय की प्रतिस्पर्धा को लेकर तीखी नोकझोंक हुई थी, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान दोनों पक्षों के कई लोग आमने-सामने आ गए और कुछ लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार और चिकित्सकीय परीक्षण के लिए रुद्रपुर जिला अस्पताल लाया गया था।
विवाद अस्पताल पहुंचने के बाद भी थमा नहीं और इमरजेंसी वार्ड के बाहर दोनों पक्षों के लोग दोबारा भिड़ गए। इस हिंसक झड़प के दौरान हमलावरों ने नितेश उर्फ राज जौहरी के सीने पर किसी नुकीली वस्तु से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल के भीतर भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल परिसर में हुई इस दुस्साहसिक वारदात से स्वास्थ्य कर्मियों और आमजन में हड़कंप मच गया था। इस दौरान बीच-बचाव कर रहे पीआरडी के जवान भी घायल हुए थे।
सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान, पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी घायल
मृतक के परिजन दिनेश जौहरी की तहरीर पर पंतनगर कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल पुलिस टीमों का गठन कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर आरएफएसएल और फील्ड यूनिट की मदद से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए तथा अस्पताल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में वारदात के दौरान 6 से 7 लोगों की संलिप्तता सामने आई थी।
पुलिस ने पहले ही आकाश कुमार और विनोद कुमार को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मुख्य आरोपी विकास कुमार की तलाश जारी थी। जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी विकास बरेली के भोजीपुरा की ओर भागने की फिराक में है। पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया और जब उसे थाना पुलभट्टा क्षेत्र लाया जा रहा था, तब उसने एक सब-इंस्पेक्टर की पिस्तौल छीनकर भागने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा घेराबंदी करने पर आरोपी ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से आरोपी विकास कुमार घायल हो गया, जिसे तुरंत उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
तीन आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश में जुटी पुलिस टीमें
पुलिस अब तक इस मामले में मुख्य आरोपी विकास कुमार (पुत्र विनोद कुमार), आकाश कुमार (पुत्र विनोद कुमार) और विनोद कुमार (पुत्र स्वर्गीय रामावतार)—तीनों निवासी जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर—को गिरफ्तार कर चुकी है।
“जिला अस्पताल परिसर में हुई इस घटना को अत्यंत गंभीरता से लिया गया है। मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलभट्टा, दिनेशपुर और एसओजी (SOG) की संयुक्त टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”— अजय गणपति, एसएसपी, ऊधमसिंह नगर
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें