लालकुआं: बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने की मांग तेज; इंडिया गठबंधन के 15 नवंबर के सीएम आवास कूच को लेकर भाकपा (माले) ने की बैठक, बनाई रणनीति

खबर शेयर करें -
लालकुआं (नैनीताल)। बहुचर्चित बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर क्षेत्र में आंदोलन अब और अधिक आक्रामक होता जा रहा है। इसी क्रम में आगामी 15 नवंबर को देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास कूच की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए भाकपा (माले) बिंदुखत्ता कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक दीपक बोस भवन में आयोजित की गई। बैठक में आंदोलन की रणनीति और जनभागीदारी पर विस्तार से मंथन किया गया, जिसमें इंडिया गठबंधन के बैनर तले होने वाले इस प्रदर्शन में हजारों की संख्या में बिंदुखत्ता वासियों के शामिल होने का दावा किया गया है।

सरकार पर जनता को गुमराह करने का आरोप, वन भूमि को राजस्व भूमि में बदलने की मांग

बैठक को संबोधित करते हुए भाकपा (माले) के नैनीताल जिला सचिव डॉ. कैलाश पाण्डेय ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार पिछले दस वर्षों से केवल बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने के झूठे वादों के जरिए जनता को गुमराह करती आ रही है, जिससे क्षेत्र की जनता में भारी रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि सरकार को बिना देर किए निर्वनीकरण (डिफॉरेस्टेशन) की प्रक्रिया अपनाते हुए वन भूमि को राजस्व भूमि में हस्तांतरित करने की ठोस पहल करनी चाहिए, तभी इस बहुप्रतीक्षित समस्या का स्थायी समाधान संभव है।

विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर मालिकाना हक देने की उठी मांग

अखिल भारतीय किसान महासभा के प्रदेश अध्यक्ष आनंद सिंह नेगी ने राज्य सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को तत्काल विधानसभा का एक विशेष सत्र आहूत करना चाहिए। इस सत्र में बिंदुखत्ता समेत प्रदेश की अन्य वन भूमि पर बसी संपूर्ण आबादी को मालिकाना हक देने और राजस्व गांव बनाने का शासकीय प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजा जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले इस दिशा में प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, तो जनता चुनावों में भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

देहरादून कूच के लिए कसी कमर, 14 नवंबर की रात रवाना होंगी बसें

बैठक में यह सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 15 नवंबर को देहरादून में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक प्रदर्शन में भाकपा (माले) और किसान महासभा के कार्यकर्ता बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। प्रदर्शनकारियों की सुविधा के लिए जनसहयोग से विशेष बसों की व्यवस्था की गई है, जो 14 नवंबर की रात आठ बजे कार रोड चौराहे से देहरादून के लिए प्रस्थान करेंगी। आयोजकों ने समस्त बिंदुखत्ता क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अपनी मांगों के समर्थन में अधिक से अधिक संख्या में देहरादून पहुंचकर इस आर-पार के आंदोलन को मजबूती प्रदान करें।
बैठक के दौरान डॉ. कैलाश पाण्डेय, आनंद सिंह नेगी, पुष्कर दुबड़िया, विमला रौथाण, आनंद सिंह सिजवाली, किशन सिंह बघरी, नैन सिंह कोरंगा, धीरज कुमार, निर्मला शाही, हरीश भंडारी, कमलापति जोशी, त्रिलोक राम, अंबा दत्त बसखेती और आनंद दानू समेत कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें 👉  रामनगर: छोई गांव में महिला की हत्या का पुलिस ने किया पर्दाफाश; पुरानी रंजिश के चलते तीन युवकों ने दिया था वारदात को अंजाम, मुख्य आरोपी समेत तीनों गिरफ्तार
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में लगातार दूसरे दिन बड़ा प्रशासनिक फेरबदल; 24 पीसीएस अधिकारियों के तबादले, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के कई एसडीएम बदले