
रुद्रपुर। रुद्रपुर के वार्ड नंबर 35, रविंद्र नगर क्षेत्र में थूकने के बाद घरों में दूध सप्लाई करने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मुस्लिम दूधिये शाहिद अली को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मूल रूप से ग्राम सितौर खजूरिया, रामपुर (उत्तर प्रदेश) का निवासी है और वह वर्तमान में रुद्रपुर के कई क्षेत्रों में दूध बेचने का काम कर रहा था।
दूध के बर्तन में झुकते ही सीसीटीवी में कैद हुई हरकत, लोगों ने किया हंगामा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला रविंद्र नगर का है जहाँ दोपहर करीब 2:30 बजे स्थानीय निवासी अमित वर्मा ने दूध विक्रेता शाहिद अली को बाइक पर रखे दूध के केन (डोलची) के पास अपना मुंह ले जाते हुए देखा। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि वह दूध में थूक रहा था। इसके बाद आसपास के लोगों ने एकत्र होकर जब क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो उसमें दूधिया बाइक पर रखे बर्तन के पास झुककर संदिग्ध गतिविधि करता हुआ दिखाई दिया। घटना से नाराज लोगों ने मौके पर हंगामा शुरू कर दिया।
विहिप कार्यकर्ता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दूधिये को हिरासत में लेकर आवास विकास चौकी ले आई। मामले में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ता जोगेंद्र सिंह ने पुलिस चौकी में लिखित तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और प्राथमिकी पंजीकृत करने की मांग की।
आवास विकास चौकी प्रभारी प्रकाश चंद्र ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और तहरीर के आधार पर आरोपी शाहिद अली को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस हिरासत में आरोपी से गहनता से पूछताछ की जा रही है और मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है।