हिमालय प्रहरी

मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र में जबरन मतांतरण का सनसनीखेज मामला: ITBP महिला जवान का आरोप— पति ने बच्चों के नाम बदले, चर्च ले जाना किया शुरू

खबर शेयर करें -

राजू अनेजा,खटीमा।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गृह क्षेत्र खटीमा में जबरन मतांतरण का बेहद गंभीर मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। आईटीबीपी में तैनात एक महिला जवान ने अपने पति समेत तीन लोगों पर लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने, मानसिक उत्पीड़न, मारपीट और बच्चों को जान से मारने की धमकी देने जैसे संगीन आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता निवलेश राना ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका विवाह वर्ष 2014 में हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। वर्तमान में वह भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) में तैनात है और लद्दाख में सेवा दे रही है। आरोप है कि उसका बेरोजगार पति संदीप सिंह राना कुछ लोगों के संपर्क में आया, जिन्होंने उसे रोजगार और पैसों का लालच दिया। इसके बाद उसने ईसाई धर्म अपना लिया।

महिला जवान का आरोप है कि पति ने बिना उसकी जानकारी के दोनों बच्चों के नाम बदलकर “यहोशू” और “एलेक्स” रख दिए और उन्हें चर्च ले जाना शुरू कर दिया। जब वह छुट्टी लेकर घर पहुंची तो उस पर भी मतांतरण का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर मारपीट की गई और जबरन मोहम्मदपुर भुड़िया ले जाकर पास्टर के जरिए धर्म परिवर्तन कराया गया।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि पति बच्चों को अपने कब्जे में रखकर पास्टर के लिए पैसों की मांग कर रहा है। पैसे न देने पर बच्चों को नुकसान पहुंचाने और जान से मारने की धमकी दी जा रही है।

मामला तब और गंभीर हो गया जब आरोपी पति कथित रूप से पीड़िता के मायके पहुंचा और परिवार के सामने भी मतांतरण के लिए दबाव बनाने लगा।

पुलिस के मुताबिक मोहम्मदपुर भुड़िया निवासी कमलजीत सिंह, दान सिंह राना और संदीप सिंह राना के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच जारी है।

Exit mobile version