हिमालय प्रहरी

किच्छा में दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात: एयरटेल पेमेंट बैंक के कलेक्शन एजेंट से 12.60 लाख की लूट, बच्चों को गोली मारने की धमकी देकर बदमाश फरार

खबर शेयर करें -

किच्छा (ऊधमसिंह नगर)। उधमसिंह नगर जिले के किच्छा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बेखौफ बदमाशों ने एयरटेल पेमेंट बैंक के एक कलेक्शन एजेंट की बाइक रुकवाकर उससे मारपीट की और रुपयों से भरा बैग छीन लिया। पीड़ित के अनुसार, बैग में कलेक्शन के करीब 12 लाख 60 हजार रुपये रखे हुए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़ित को उसके बच्चों को गोली मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
8 अगस्त की घटना, डर के कारण 13 अगस्त को दर्ज कराई तहरीर
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, घटना बीती 8 अगस्त की है। पीड़ित अपने दो साथियों के साथ बाइक से किच्छा स्थित स्वतंत्र माइक्रोफिन कार्यालय से 12.60 लाख रुपये का कलेक्शन कर अपने गांव लौट रहा था। कलेक्शन की रकम नीले रंग के स्काईबैग में रखी हुई थी और पीड़ित बैग लेकर बीच में बैठा हुआ था। जब तीनों गांव के पास गज्जन सिंह के खेत के समीप सुनसान इलाके में पहुंचे, तभी वहां पहले से मौजूद 6-7 बदमाशों ने उनकी बाइक रुकवा ली।
मारपीट कर छीना रुपयों से भरा बैग; विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी
आरोपियों ने अचानक हमला बोलते हुए पीड़ित के साथ मारपीट शुरू कर दी और 12.60 लाख रुपयों से भरा बैग छीन लिया। जब पीड़ित ने शोर मचाया और विरोध किया, तो बदमाशों ने उसे धमकी दी कि यदि उसने पुलिस में शिकायत की तो उसे और उसके बच्चों को गोली मार दी जाएगी। इसके बाद आरोपी बाइक से मेन हाईवे की तरफ फरार हो गए। दहशत के कारण पीड़ित तुरंत पुलिस के पास नहीं जा सका। परिजनों के ढांढस बंधाने के बाद उसने 13 अगस्त को पुलिस को तहरीर सौंपी।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, अंदरूनी मुखबिरी की आशंका पर भी जांच जारी
किच्छा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रवि सैनी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि बदमाशों को इतनी बड़ी रकम के मूवमेंट की सटीक जानकारी कैसे मिली, जिससे किसी परिचित या स्थानीय व्यक्ति की संलिप्तता की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
Exit mobile version