हिमालय प्रहरी

हल्द्वानी के टांडा जंगल में सनसनीखेज वारदात: वन विभाग के संविदा कर्मी की कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर निर्मम हत्या, करीबी साथी पर शक

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी: नैनीताल जनपद के हल्द्वानी अंतर्गत टांडा जंगल क्षेत्र में देर रात एक सनसनीखेज हत्याकांड से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। यहां वन विभाग में संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत 50 वर्षीय एक व्यक्ति की कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही हल्द्वानी कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस को मृतक के ही एक करीबी साथी पर हत्या का गहरा शक है, जो वारदात के बाद से फरार चल रहा है।

खून से लथपथ मिला शव, यूपी का रहने वाला था मृतक

जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी कोतवाली की टीपी नगर चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले टांडा जंगल के भीतर देर रात पुलिस को एक व्यक्ति का लथपथ शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब शिनाख्त की, तो मृतक की पहचान 50 वर्षीय मेवा लाल के रूप में हुई। मेवा लाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले का निवासी था और पिछले लंबे समय से हल्द्वानी में रहकर वन विभाग में संविदा कर्मचारी के तौर पर काम कर रहा था।

आपसी विवाद या रंजिश की आशंका, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

प्राथमिक जांच और घटनास्थल के हालातों को देखकर साफ हुआ है कि मेवा लाल पर किसी धारदार भारी हथियार (संभवतः कुल्हाड़ी) से सीधे गर्दन पर ताबड़तोड़ वार किए गए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास के दायरे से कई महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस को आशंका है कि देर रात संविदा कर्मी और उसके साथी के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई होगी, जिसके बाद इस खूनी वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि, पुलिस पुरानी रंजिश के कोण से भी मामले को खंगाल रही है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

जल्द होगा हत्या का खुलासा: सीओ

इस अंधे कत्ल के बाद से वन विभाग के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। मामले की जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी (सीओ) अमित कुमार सैनी ने बताया कि बीती देर रात टांडा जंगल में एक संविदा कर्मी की धारदार हथियार से काटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और फरार मुख्य आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। सीओ ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर इस पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।

Exit mobile version