हिमालय प्रहरी

रामनगर के रिसॉर्ट में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़: 52 गिरफ्तार, अवैध शराब और नकदी बरामद

खबर शेयर करें -

रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नामचीन रिसॉर्ट में चल रहे कथित देह व्यापार के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में एसओजी (SOG) और पुलिस लाइन की संयुक्त टीम ने देर रात योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। इस सनसनीखेज कार्रवाई में पुलिस ने मौके से 52 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि 10 युवतियों को रेस्क्यू किया गया है। रेस्क्यू की गई युवतियां नेपाल, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की रहने वाली बताई जा रही हैं, जिन्हें आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

अवैध बार और संदिग्ध सामग्री बरामद, मैनेजर फरार

पुलिस के अनुसार, उक्त रिसॉर्ट में लंबे समय से अवैध रूप से देह व्यापार संचालित किए जाने की गुप्त सूचनाएं मिल रही थीं। छापेमारी के दौरान जब रिसॉर्ट के अलग-अलग कमरों की तलाशी ली गई, तो वहां कई संदिग्ध लोग मिले। मौके से भारी मात्रा में अवैध शराब, नकदी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि रिसॉर्ट के भीतर बिना किसी वैध लाइसेंस के अवैध रूप से बार का संचालन किया जा रहा था, जिसमें होटल के कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत भी उजागर हुई है। कार्रवाई के दौरान रिसॉर्ट का मैनेजर मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

आज शाम एसएसपी करेंगे मामले का बड़ा खुलासा

इस बड़ी कार्रवाई के बाद पूरे रामनगर क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इस पूरे मामले का विस्तृत खुलासा आज शाम 4:30 बजे कोतवाली रामनगर में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान स्वयं एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी करेंगे, जिसमें पुलिस कार्रवाई, बरामदगी और आगे की कानूनी कार्रवाई से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

Exit mobile version