
ऋषिकेश। तीर्थनगरी के विस्थापित क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक कलयुगी बेटे ने शराब पीने से टोकने पर अपनी ही माँ को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। रविवार रात करीब 9:15 बजे हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। आनन-फानन में घायल माँ को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
आईडीपीएल चौकी प्रभारी विवेक कुमार राठी के अनुसार, आम बाग विस्थापित कालोनी निवासी 32 वर्षीय सुमित गौड़ अपनी माँ उषा देवी के साथ रहता है। सुमित अविवाहित है और लंबे समय से शराब का आदी है, जिसके कारण घर में अक्सर लड़ाई-झगड़ा होता रहता था। रविवार रात को भी जब सुमित शराब के नशे में धुत्त होकर घर पहुँचा, तो माँ उषा देवी ने उसे इस बात के लिए टोका। इस पर सुमित बुरी तरह भड़क गया और उसने पास रखे तमंचे से अपनी माँ पर फायर झोंक दिया।
गोली उषा देवी के सिर पर लगी और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ीं। गोली की आवाज सुनकर आस-पास के पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुँचे और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और घायल महिला को तुरंत अस्पताल पहुँचाया। चौकी प्रभारी ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सुमित गौड़ मौके से फरार हो गया। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दे रही है और उसकी तलाश में जुटी है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें