हिमालय प्रहरी

श्री नानकमत्ता साहिब: 19वीं राष्ट्रीय ग्रैपलिंग चैंपियनशिप में चौहान अकादमी की बेटियों का जलवा; 6 पदक जीतने पर सांसद अजय भट्ट ने दी बधाई

खबर शेयर करें -
श्री नानकमत्ता साहिब (ऊधमसिंह नगर)। हरिद्वार के रोशनाबाद स्थित वंदना कटारिया स्टेडियम में 24 से 26 अक्टूबर 2026 तक आयोजित 19वीं राष्ट्रीय ग्रैपलिंग चैंपियनशिप में चौहान सेल्फ डिफेंस अकादमी, श्री नानकमत्ता साहिब की तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से पूरे क्षेत्र और उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। अकादमी की बेटियों ने उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय देते हुए प्रतियोगिता में कुल छह पदक (4 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य) अपने नाम किए। खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक सफलता पर नैनीताल-ऊधम सिंह नगर के सांसद अजय भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश भट्ट और भाजपा नेता ललित सिंह बोरा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कर्णिका, हरमंनदीप और लक्षिता का दमदार प्रदर्शन

प्रतियोगिता के दौरान मल युद्ध (Gi) एवं नगी (No-Gi) श्रेणियों में चौहान अकादमी की बेटियों का बोलबाला रहा:
  • कर्णिका कांडपाल: कर्णिका ने अद्वितीय कौशल का प्रदर्शन करते हुए मल युद्ध और नगी दोनों श्रेणियों में दो स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की।
  • हरमंनदीप कौर: हरमंनदीप ने मल युद्ध श्रेणी में एक स्वर्ण और नगी श्रेणी में एक रजत पदक हासिल कर अकादमी का गौरव बढ़ाया।
  • लक्षिता जोशी: लक्षिता ने भी शानदार खेल दिखाते हुए मल युद्ध में एक स्वर्ण और नगी श्रेणी में एक कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।

राष्ट्रीय मंच पर पदक पहनाकर किया गया सम्मानित

प्रतियोगिता के समापन पर ग्रैपलिंग उत्तराखंड के जनरल सेक्रेटरी नवीन रियाल एवं ग्रैपलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष बलवंत ने पदक विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल खेल करियर की कामना की।

मेहनत और अनुशासन का परिणाम

खिलाड़ियों की इस बड़ी उपलब्धि पर चौहान सेल्फ डिफेंस अकादमी की संस्थापक श्रीमती चंद्रा देवी एवं मुख्य कोच किशन सिंह चौहान ने अपार खुशी जताते हुए खिलाड़ियों को बधाई दी। मुख्य कोच किशन सिंह चौहान ने कहा कि यह सफलता बेटियों की दिन-रात की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का सुखद परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी देश व उत्तराखंड राज्य का नाम रोशन करेंगी।
बेटियों की इस शानदार सफलता से अकादमी परिसर, अभिभावकों तथा पूरे नानकमत्ता क्षेत्र में खुशी और उत्साह की लहर है।
Exit mobile version