
लालकुआं:
बिंदुखत्ता क्षेत्र में लंबे समय से धड़ल्ले से अंग्रेजी शराब की होम डिलीवरी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार करने में बिंदुखत्ता चौकी पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के पास से 49 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय शराब तस्करों और उनके आकाओं के पूरे नेटवर्क को पूरी तरह से ध्वस्त करने का दावा किया है।
ट्रकों के बीच छिपकर ग्रामीणों को बेच रहा था शराब
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिंदुखत्ता चौकी पुलिस की टीम जब क्षेत्र में गश्त पर थी, तभी मसल्स फैक्ट्री जिम के पास एक प्लॉट में खड़े ट्रकों के बीच खाली जगह पर संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी। पुलिस ने घेराबंदी कर वहां ग्रामीणों को अवैध रूप से शराब बेच रहे एक युवक को दो पेटी अंग्रेजी शराब के साथ रंगे हाथों दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 49 पव्वे अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
चौकी प्रभारी गौरव जोशी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान संजय सिंह बेलवाल (पुत्र कुंदन सिंह बेलवाल, निवासी बौड़खत्ता, बिंदुखत्ता) के रूप में हुई है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर क्षेत्र में शराब की होम डिलीवरी के अवैध धंधे को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम (Excise Act) के तहत गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर उसका चालान कर दिया है, और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें