
ग्रिल तोड़कर दाखिल हुए बदमाश, अकेली बुजुर्ग महिला सोती रही; CCTV और फोरेंसिक के सहारे सुराग तलाश रही पुलिस
राजू अनेजा,बाजपुर। केलाखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम शोकानगला में चोरों ने एक बुजुर्ग महिला के घर को निशाना बनाते हुए करीब पांच लाख रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात उस समय हुई, जब महिला घर में अकेली सो रही थीं, जबकि उनका बेटा और पुत्रवधू इंग्लैंड में रहते हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
रात दो बजे ग्रिल तोड़कर घर में घुसे चोर
पीड़िता परमजीत कौर, पत्नी स्वर्गीय प्रीतपाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 14 जुलाई की रात करीब दो बजे अज्ञात चोर घर के पीछे लगी लोहे की ग्रिल तोड़कर अंदर घुसे। इसके बाद बदमाशों ने सीधे उस कमरे का रुख किया, जहां अलमारी में कीमती सामान रखा था। अलमारी का ताला तोड़कर चोर आराम से लाखों रुपये का सामान समेट ले गए।
तीन तोला सोना, 35 हजार नकद और सूटकेस भी ले गए
चोर अपने साथ करीब तीन तोला सोने के जेवर, जिनमें एक जोड़ी झुमके और पांच सोने की अंगूठियां शामिल हैं, 35 हजार रुपये की नकदी तथा दो सूटकेस भी ले गए। सुबह जब परमजीत कौर की आंख खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का ताला टूटा हुआ मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
इंग्लैंड से खुल सकता है चोरी का राज
परमजीत कौर का बेटा अंग्रेज सिंह अपनी पत्नी के साथ इंग्लैंड में रहता है। मां की सुरक्षा के लिए उसने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवा रखे हैं, जिनका एक्सेस उसके पास विदेश में है। पुलिस अब परिवार के संपर्क में रहकर फुटेज मंगाने की प्रक्रिया में जुटी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग और फोरेंसिक साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
चोर सीधे उसी कमरे में पहुंचे, जहां रखे थे जेवर
जांच में एक बड़ा सवाल यह भी है कि चोर बिना भटके सीधे उसी कमरे में कैसे पहुंचे, जहां नकदी और जेवर रखे हुए थे। पुलिस घर में हाल के दिनों में काम करने वाले लोगों, बोरिंग कराने वालों और घरेलू सहायिका से भी पूछताछ की तैयारी कर रही है। बताया गया कि घर में रहने वाली महिला कर्मचारी घटना से ठीक पहले अपने घर चली गई थी।
क्या बुजुर्ग महिला को बेहोश किया गया?
परिजनों का दावा है कि परमजीत कौर रोजाना सुबह करीब चार बजे उठकर पूजा करती हैं, लेकिन घटना वाले दिन उनकी आंख करीब सात बजे खुली और उन्हें शरीर में असामान्य थकान महसूस हुई। इसी के आधार पर परिजन आशंका जता रहे हैं कि चोरों ने किसी नशीले पदार्थ का इस्तेमाल किया हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है और कहा है कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम की मदद, सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय लोगों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें