हिमालय प्रहरी

हल्द्वानी में रफ्तार का कहर: तीनपानी बाईपास पर कार ने स्कूटी सवार 4 दोस्तों को रौंदा, तीन की मौके पर ही दर्दनाक मौत

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। तराई में सड़क हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। लालकुआं निवासी दो युवकों की सड़क दुर्घटना में हुई मौत के अभी एक सप्ताह भी नहीं बीता था कि आज देर रात तीनपानी बाईपास पर एक और बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ तीनपानी फ्लाईओवर के पास सड़क किनारे अपनी स्कूटी खड़ी कर आपस में बातचीत कर रहे चार दोस्तों को एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने बेरहमी से रौंद डाला। इस भीषण टक्कर में तीन युवाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना का शिकार हुए चारों युवक गोरापड़ाव और बेरीपड़ाव क्षेत्र के निवासी हैं। ये सभी देर रात तीनपानी फ्लाईओवर के पास सड़क के किनारे खड़े होकर आपस में बातचीत कर रहे थे, तभी अचानक सामने से आई एक तेज रफ्तार कार ने चारों को जोरदार टक्कर मारते हुए कुचल दिया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान राहुल राजपूत (17 वर्ष), आदित्य टम्टा (18 वर्ष) और शुभम (पुत्र बाबू राम) के रूप में हुई है। वहीं, चौथा युवक अंशु आर्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही चीख-पुकार के बीच कुछ युवकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जिनका रो-रोकर बुरा हाल था। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल 108 एंबुलेंस के जरिए सभी को सुशीला तिवारी चिकित्सालय हल्द्वानी ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर शवों को मोर्चरी भिजवा दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल अंशु आर्य का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना को अंजाम देने वाली कार व उसके चालक की तलाश की जा रही है।

Exit mobile version