प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में संगठन विस्तार, अनुशासन और आगामी कार्यक्रमों पर लिए गए अहम निर्णय
राजू अनेजा,काशीपुर। उत्तरांचल पंजाबी महासभा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में रविवार को कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में 14 अगस्त को हरिद्वार के प्रेम आश्रम में राज्यस्तरीय विभाजन विभीषिका स्मृति कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही संगठन में अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से तीन सदस्यीय अनुशासन समिति गठित करने पर भी सहमति बनी। पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संगठन की मर्यादा और अनुशासन से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा संगठनात्मक नियमों का उल्लंघन करने वालों के मामलों की समीक्षा अनुशासन समिति करेगी।
काशीपुर स्थित रॉयल हवेली होटल में आयोजित बैठक में संगठन के विस्तार, आगामी कार्यक्रमों और प्रदेशभर में पंजाबी समाज को एक मंच पर संगठित करने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर प्रतिवर्ष मनाए जाने वाले विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस को इस वर्ष भी प्रदेश स्तर पर भव्य रूप से आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए हरिद्वार के प्रेम आश्रम को आयोजन स्थल चुना गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए अलग से समिति गठित कर आवश्यक जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
संगठन की मजबूती पर रहा विशेष जोर
बैठक में विशेष अतिथि एवं उत्तरांचल पंजाबी महासभा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजीव घई ने कहा कि आज प्रदेशभर का पंजाबी समाज तेजी से संगठन के साथ जुड़ रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तरांचल पंजाबी महासभा राज्य के पंजाबी समाज की सबसे बड़ी प्रतिनिधि संस्था बन चुकी है और इसका विस्तार निरंतर जारी है। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए अनुशासन सबसे आवश्यक है और सभी पदाधिकारियों व सदस्यों को संगठन की गरिमा बनाए रखनी होगी।
देहरादून में होगी कोर कमेटी और संरक्षक मंडल की बैठक
राजीव घई ने बताया कि प्रदेश कोर कमेटी के वरिष्ठ सदस्य राकेश ओबेरॉय के आह्वान पर शीघ्र ही देहरादून में कोर कमेटी एवं संरक्षक मंडल की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में संगठन के विस्तार, लंबित संगठनात्मक विषयों और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर चर्चा होगी। साथ ही उत्तरांचल पंजाबी महासभा के पुनर्गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रदेश के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा को सम्मानित भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 23 जून को देहरादून की यमुना कॉलोनी में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, कोर कमेटी सदस्यों और संरक्षक मंडल की मौजूदगी में संगठन का पुनर्गठन किया गया था। इसमें करण मल्होत्रा को प्रदेश अध्यक्ष और राजकुमार फूटेला को प्रदेश महामंत्री चुना गया। वर्तमान कार्यकारिणी पूरे प्रदेश में संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रियता से कार्य कर रही है।
सभी साथियों को साथ लेकर चलेगा संगठन
राजीव घई ने कहा कि देहरादून के कुछ साथी अभी भी भ्रम की स्थिति में हैं, लेकिन वरिष्ठ नेतृत्व उनसे संवाद कर उन्हें भी संगठन की मुख्यधारा से जोड़ेगा। महासभा का उद्देश्य पूरे उत्तराखंड के पंजाबी समाज को एक मंच पर लाकर सामाजिक, सांस्कृतिक और संगठनात्मक रूप से मजबूत करना है।
बैठक में 14 अगस्त को हरिद्वार में होने वाले राज्यस्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए विभिन्न पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष करण मल्होत्रा ने की, जबकि संचालन प्रदेश महामंत्री राजकुमार फूटेला ने किया।
बैठक में प्रदेश संयोजक दिनेश मानसेरा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजीव घई, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश डाबर, राज ओबेराय, प्रदेश संगठन मंत्री जी.एस. आनंद, प्रदेश कोषाध्यक्ष पी.एस. कोचर, समन्वय संयोजक राहुल बतला सहित प्रदेश कार्यकारिणी के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
जल्द देहरादून में होगी अहम बैठक
प्रदेश कार्यकारिणी ने निर्णय लिया कि जल्द ही देहरादून में कोर कमेटी और संरक्षक मंडल की बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें संगठन की जिला एवं नगर इकाइयों को मजबूत करने, लंबित विषयों का निस्तारण करने और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें