हिमालय प्रहरी

अजूबा हादसा: स्कूटी से टकराया जंगली हाथी, महिला घायल; टक्कर से टूट गए हाथी दांत के तीन टुकड़े

खबर शेयर करें -

खटीमा: उधमसिंह नगर जनपद के खटीमा (चकरपुर) क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक बेहद हैरान करने वाला सड़क हादसा सामने आया, जहां एक स्कूटी सवार महिला सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग पार कर रहे जंगली हाथी से जा टकराई। इस अजीबोगरीब टक्कर में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि टक्कर इतनी जोरदार थी कि विशालकाय हाथी का एक दांत टूटकर सड़क पर गिर गया और उसके तीन टुकड़े हो गए। मौके से गुजर रहे शिक्षकों के शोर मचाने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और हाथी जंगल की ओर भाग खड़ा हुआ।

मायके से स्कूल जा रही थी शिक्षिका

प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीपुर विछवा निवासी 23 वर्षीय निकिता कापड़ी पत्नी रोहित कापड़ी खटीमा स्थित हिंद पब्लिक स्कूल में शिक्षिका हैं। मंगलवार सुबह वह अपने मायके टनकपुर से स्कूटी पर सवार होकर स्कूल पढ़ाने के लिए खटीमा आ रही थीं। इसी दौरान बनबसा-चकरपुर के बीच घने जंगल वाले हिस्से में एक जंगली हाथी अचानक नेशनल हाईवे पर आ गया। निकिता जब तक वाहन को नियंत्रित कर पातीं, उनकी स्कूटी सीधे हाथी से टकरा गई। टक्कर के बाद साहस दिखाते हुए घायल निकिता किसी तरह घटनास्थल से थोड़ी दूरी पर भाग निकलीं।

शिक्षकों ने शोर मचाकर बचाई जान

इसी दौरान हाईवे से गुजर रहे राजकीय इंटर कॉलेज गैंडाखाली और सूखीढांग के शिक्षक स्टाफ (शाइस्ता परवीन, रवि बगोटी, रेखा कन्याल व अन्य) ने यह भयानक मंजर देखा। शिक्षकों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया। शोरगुल सुनकर हाथी सड़क छोड़कर वापस जंगल की तरफ भाग गया। शिक्षकों ने तत्काल घटना की सूचना चकरपुर पुलिस चौकी, वन विभाग और महिला के परिजनों को दी। घायल शिक्षिका को एंबुलेंस से खटीमा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बताई है।

हाथी दांत बरामद, निगरानी के लिए लगेंगे ट्रैप कैमरे

सूचना मिलते ही चकरपुर चौकी प्रभारी विकास कुमार और खटीमा वन रेंज की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग ने सड़क पर गिरे हाथी दांत के तीनों टुकड़ों को कब्जे में लेकर सुरक्षित रेंज कार्यालय में रखवा दिया है। खटीमा वन रेंज के वन क्षेत्राधिकारी हरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया:

“यह पूरी बेल्ट एक हाथी कॉरिडोर क्षेत्र है, जहां वन्यजीवों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। हाथी की स्थिति और उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए घटनास्थल के आसपास दो आधुनिक ट्रैप कैमरे लगाए जा रहे हैं।”

वन विभाग ने नेशनल हाईवे पर चलने वाले सभी दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों से अपील की है कि वे इस वन्यजीव क्षेत्र से गुजरते समय अपने वाहनों की गति सीमित रखें और अत्यधिक सावधानी बरतें।

Exit mobile version