हिमालय प्रहरी

बेटे के जन्मदिन से पहले मां की संदिग्ध मौत; ढाई साल की मासूम बोली– ‘पापा, मम्मी उठ नहीं रही हैं’

खबर शेयर करें -

रुद्रपुर: उधमसिंह नगर जनपद के रुद्रपुर से एक बेहद भावुक और दुखद खबर सामने आई है। ट्रांजिट कैंप के आवास विकास क्षेत्र में एक 29 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दिल को झकझोर देने वाले इस वाकये का पता तब चला जब आधी रात को ढाई साल की मासूम बेटी ने अपनी मां को जगाने का प्रयास किया, लेकिन मां के शरीर में कोई हलचल नहीं हुई। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।

जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं

जानकारी के अनुसार, आवास विकास क्षेत्र की सिद्धू बार वाली गली निवासी अनमोल कक्कड़ फर्नीचर का काम करते हैं। वह अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ रहते थे। घर में खुशियों का माहौल था क्योंकि आज ही उनके बेटे का जन्मदिन था, जिसकी तैयारियों में परिवार जुटा हुआ था। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था और जन्मदिन की खुशियां आने से पहले ही घर में चीख-पुकार मच गई।

मासूम के शब्दों ने उड़ाए पिता के होश

घटना देर रात करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है। पति अनमोल ने बताया कि रात के समय ढाई साल की बेटी अपनी मां के पास गई और उन्हें उठाने की कोशिश करने लगी। जब मां की तरफ से कोई जवाब नहीं मिला, तो बच्ची मासूमियत से अपने पिता के पास पहुंची और बोली, “पापा, मम्मी उठ नहीं रही हैं।” यह सुनकर अनमोल तुरंत पत्नी के पास पहुंचे और उन्हें जगाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनका शरीर शांत हो चुका था।

अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

देर रात ही शोर शराबा सुनकर आसपास के पड़ोसी और परिजन मौके पर एकत्र हो गए। आनन-फानन में महिला को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हंसते-खेलते परिवार में अचानक हुए इस हादसे और छोटे-छोटे बच्चों की हालत देखकर मौके पर मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही पुलिस

सूचना मिलते ही आवास विकास चौकी प्रभारी प्रकाश चंद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। चौकी प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। पड़ोसियों के अनुसार परिवार में किसी तरह का कोई विवाद नहीं था। फिलहाल पुलिस मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।

Exit mobile version