
सुल्तानपुर पट्टी (बाजपुर)। उत्तराखंड पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF), ड्रग विभाग, राजस्व विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार देर रात सुल्तानपुर पट्टी दोराहा पुलिस चौकी क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। संयुक्त टीम ने हाईवे स्थित जियो पेट्रोल पंप के सामने हिमालयन फैक्ट्री के समीप संचालित ‘एल बायो टेक’ (कोवियल बायोटेक) कंपनी में अचानक छापेमारी की। इस दौरान मौके से लाखों रुपये मूल्य की संदिग्ध अंग्रेजी दवाएं और भारी मात्रा में हरियाणा निर्मित अवैध शराब बरामद की गई है, जिसके बाद टीम ने फैक्ट्री को सील कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात एसटीएफ और ड्रग विभाग की कई गाड़ियां अचानक फैक्ट्री परिसर में पहुंचीं, जिससे वहां हड़कंप मच गया। ड्रग इंस्पेक्टर की मौजूदगी में फैक्ट्री और उसके गोदाम में स्टॉक की गई दवाओं की गहनता से जांच की गई। प्रारंभिक पड़ताल में भारी मात्रा में दवाएं संदिग्ध पाई गईं, जिन्हें टीम ने तुरंत अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद जब गोदाम की तलाशी ली गई, तो वहां से करीब 100 पेटी हरियाणा निर्मित अवैध शराब बरामद हुई। आशंका जताई जा रही है कि यहाँ अन्य नशीले पदार्थों का भी अवैध भंडारण किया जा रहा था, जिसकी जांच के लिए संयुक्त टीम देर रात तक दस्तावेजों और स्टॉक का मिलान करने में जुटी रही।
इस बड़ी कार्रवाई में एसटीएफ निरीक्षक विकास चौधरी, एसआई विपिन जोशी, एसआई केजी मठपाल, ड्रग इंस्पेक्टर नीरज कुमार, ड्रग इंस्पेक्टर निधि शर्मा और दोराहा पुलिस चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह सहित चारों विभागों के तमाम अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे गोदाम की सघन चेकिंग अभी जारी है और आने वाले समय में इसमें कुछ और बड़े खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल बरामद दवाओं और शराब को जब्त कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है, और संबंधित विभागों की आधिकारिक रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें