
हल्द्वानी। सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) में स्वाइन फ्लू का प्रकोप चिंताजनक रूप लेता जा रहा है, जहां बीते तीन दिनों के भीतर इस गंभीर बीमारी से दो बुजुर्गों की मौत हो चुकी है। शनिवार सुबह रातीघाट निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गंभीर निमोनिया, सांस लेने में तकलीफ, लकवा और अनियंत्रित बीपी की शिकायत के बाद उन्हें 2 सितंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 4 सितंबर को जांच रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने पर उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया, जहां 5 सितंबर को उनकी मृत्यु हो गई। इससे पूर्व 3 सितंबर को भी नैनीताल निवासी 62 वर्षीय एक गंभीर रूप से बीमार वृद्ध की स्वाइन फ्लू से जान जा चुकी है। फिलहाल एसटीएच में स्वाइन फ्लू के दो अन्य पुष्ट मरीज और एक संदिग्ध मरीज भर्ती हैं।
संक्रमण रोकने को लेकर विशेष क्लीनिक और आइसोलेशन वार्ड की व्यवस्था
लगातार होती मौतों को देखते हुए अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से सतर्क हो गया है। एसटीएच में स्वाइन फ्लू से निपटने और संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए एक पृथक विशेष क्लीनिक स्थापित किया गया है। संदिग्ध लक्षणों वाले मरीजों को तुरंत विशेष आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू किया जा रहा है। मामले की पुष्टि करते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि मृतक बुजुर्ग पूर्व से ही कई गंभीर बीमारियों से ग्रस्त थे, फिर भी स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे जिले में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें