हिमालय प्रहरी

लालकुआं में फूटा युवा मोर्चा का गुस्सा: राहुल गांधी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर फुंका पुतला

खबर शेयर करें -


राजू अनेजा,लालकुआं। प्रदेश की सियासत में  उस वक्त गरमाहट बढ़ गई, जब भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया।
मंडल अध्यक्ष और दर्जनों युवा साथियों की मौजूदगी में हुए इस विरोध प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व पर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर गैरजिम्मेदाराना बयानबाज़ी का आरोप लगाया। वक्ताओं ने कहा कि कुछ उपद्रवी तत्वों को अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन जैसे गंभीर मंचों पर अमर्यादित व्यवहार के लिए प्रेरित करना राष्ट्र की गरिमा को ठेस पहुंचाने जैसा है।
दीपेंद्र कोश्यारी ने तीखे शब्दों में कहा कि विश्व मंच पर भारत की प्रतिष्ठा सर्वोपरि है। राजनीतिक स्वार्थ की पूर्ति के लिए देश की छवि को धूमिल करने का प्रयास न केवल निंदनीय है, बल्कि राष्ट्रीय हितों के विपरीत भी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस की ऐसी गतिविधियाँ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की विश्वसनीयता को प्रभावित करती हैं।
युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि राष्ट्र सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। “देशहित सर्वोपरि है” के नारों के बीच पुतला दहन किया गया और कांग्रेस नेतृत्व से अपने आचरण पर पुनर्विचार करने की मांग उठाई गई।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा आक्रोश देखने को मिला। पुलिस प्रशासन मौके पर मौजूद रहा और स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखा।
राजनीतिक हलकों में इस घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई है। साफ है कि आगामी दिनों में यह मुद्दा प्रदेश की राजनीति में और तूल पकड़ सकता है।

Exit mobile version