हिमालय प्रहरी

10 अक्टूबर को बंद होंगे सिख तीर्थ हेमकुंड साहिब के कपाट: अब तक 2.38 लाख श्रद्धालुओं ने टेका माथा, ट्रस्ट ने जताया आभार

खबर शेयर करें -

चमोली/ऋषिकेश। विश्व प्रसिद्ध सिख तीर्थ स्थल गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब की इस वर्ष की पावन यात्रा का समापन 10 अक्टूबर को शीतकाल के लिए कपाट बंद होने के साथ होगा। यह महत्वपूर्ण जानकारी गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने दी। उन्होंने बताया कि इस बार 23 मई को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ कपाट खोले गए थे और तब से लेकर अब तक 2.38 लाख से अधिक देशी-विदेशी श्रद्धालु दरबार साहिब में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त कर चुके हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ट्रस्ट ने किए पुख्ता इंतजाम, मौसम को देखते हुए लिया फैसला
अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने कहा कि हेमकुंड साहिब की यात्रा श्रद्धालुओं के लिए परम आस्था और अलौकिक आध्यात्मिक अनुभव से जुड़ी है। देश-विदेश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे संगतों ने गुरु घर में नतमस्तक होकर देश की सुख-समृद्धि की अरदास की। यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए ट्रस्ट की ओर से आवास, लंगर और चिकित्सा जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। आगामी शीतकाल में होने वाली बर्फबारी और विषम मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए 10 अक्टूबर को कपाट बंद करने की तिथि तय की गई है।
प्रशासन, पुलिस और सेवादारों का जताया आभार
ट्रस्ट के अध्यक्ष ने हेमकुंड साहिब पहुंचने वाले सभी तीर्थयात्रियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यात्रा को निर्विघ्न एवं सफल बनाने में राज्य सरकार, स्थानीय जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य सेवाओं, स्थानीय नागरिकों, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं और दिन-रात जुटे रहने वाले सेवादारों का सराहनीय योगदान रहा है, जिसके लिए ट्रस्ट सभी का धन्यवाद करता है।
Exit mobile version