
दो दिन में दो शक्ति प्रदर्शन, ‘हमारा विधायक कैसा हो…’ के नारों से गरमाई रुद्रपुर की सियासत, टिकट की चर्चाओं को मिला नया बल
राजू अनेजा, रुद्रपुर। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव भले अभी कुछ समय दूर हों, लेकिन रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सरगर्मियां अभी से तेज होती दिखाई देने लगी हैं। पिछले दो दिनों में भाजपा के दो प्रमुख नेताओं के समर्थन में लगे “हमारा विधायक कैसा हो…” के नारों ने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है। समर्थकों के शक्ति प्रदर्शन के बाद शहर में टिकट को लेकर चर्चाओं का दौर भी तेज हो गया है।
विकास शर्मा के स्वागत में गूंजे विधायक के नारे
वैष्णो देवी माता के दर्शन कर लौटे रुद्रपुर के मेयर विकास शर्मा का रेलवे स्टेशन पर समर्थकों ने भव्य स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और जोरदार नारेबाजी के बीच समर्थकों ने “हमारा विधायक कैसा हो… विकास शर्मा जैसा हो” के नारे लगाए। स्वागत कार्यक्रम के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगीं, जिसके बाद शहर में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं।
अगले ही दिन शिव अरोड़ा समर्थकों ने दिखाया दम
विकास शर्मा के समर्थन में लगे नारों की चर्चा अभी थमी भी नहीं थी कि अगले ही दिन मौजूदा विधायक शिव अरोड़ा के समर्थकों ने नगर निगम परिसर पहुंचकर शक्ति प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में मौजूद समर्थकों ने “हमारा विधायक कैसा हो… शिव अरोड़ा जैसा हो” के नारे लगाते हुए अपने नेता के प्रति समर्थन जताया। लगातार दो दिनों तक हुई नारेबाजी ने साफ संकेत दे दिया कि रुद्रपुर विधानसभा की राजनीति अब चुनावी मोड में प्रवेश करती नजर आ रही है।
सीएम धामी के बयान के बाद तेज हुई थीं अटकलें
कुछ समय पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक जनसभा में हल्के-फुल्के अंदाज में रुद्रपुर से चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर करते हुए कहा था कि वैसे तो हर सीट से धामी ही चुनाव लड़ेगा।” मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद रुद्रपुर विधानसभा सीट को लेकर भी कई तरह की राजनीतिक अटकलें शुरू हो गई थीं। इसके बाद मेयर विकास शर्मा का नाम संभावित दावेदारों में चर्चा का विषय बना, जबकि मौजूदा विधायक शिव अरोड़ा पहले से ही इस सीट पर भाजपा के मजबूत दावेदार माने जाते रहे हैं।
समर्थकों की सक्रियता से बढ़ी टिकट की चर्चाएं
हालांकि भाजपा की ओर से अभी तक विधानसभा टिकट को लेकर किसी प्रकार का आधिकारिक संकेत नहीं दिया गया है, लेकिन दोनों नेताओं के समर्थकों की सक्रियता ने राजनीतिक माहौल को जरूर गर्मा दिया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चुनाव से पहले समर्थकों के ऐसे शक्ति प्रदर्शन संगठन और जनता के बीच अपनी पकड़ दिखाने की रणनीति का हिस्सा भी हो सकते हैं।
फिलहाल नारे, फैसला पार्टी और जनता के हाथ
रुद्रपुर में इन दिनों “हमारा विधायक कैसा हो…” के नारों ने राजनीतिक वातावरण को पूरी तरह चुनावी रंग दे दिया है। हालांकि विधानसभा प्रत्याशी का अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व करेगा और जनता अपना फैसला मतदान के दिन सुनाएगी, लेकिन फिलहाल समर्थकों की नारेबाजी ने यह जरूर साबित कर दिया है कि रुद्रपुर विधानसभा को लेकर राजनीतिक हलचल अब लगातार तेज होती जाएगी।
राजनीतिक संदेश साफ
दो दिनों में हुए दो अलग-अलग शक्ति प्रदर्शनों ने यह संकेत दे दिया है कि रुद्रपुर विधानसभा सीट पर दावेदारी को लेकर चर्चाएं अब केवल राजनीतिक गलियारों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समर्थक भी अपने-अपने नेताओं के पक्ष में खुलकर मैदान में उतर चुके हैं। आने वाले दिनों में यह सियासी हलचल और तेज होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें