हिमालय प्रहरी

उत्तराखंड में H1N1 फ्लू का दायरा बढ़ा: प्रदेश में कुल मरीज 52 पहुंचे, दून में सबसे ज्यादा 35 मामले; डॉक्टरों ने दी सावधानी बरतने की सलाह

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में बदलते मौसम के बीच H1N1 (स्वाइन फ्लू) के मामलों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। प्रदेश में H1N1 से संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 52 तक पहुंच गई है, जिनमें से 16 एक्टिव मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। राहत की बात यह है कि गुरुवार को 9 मरीज रिकवर भी हुए हैं। अकेले देहरादून जिले में सबसे अधिक 35 मामले सामने आए हैं। गुरुवार को आए रिपोर्ट के अनुसार 18 सैंपल में से 7 नए पॉजिटिव केस मिले हैं, जिनमें 6 देहरादून और 1 अन्य जिले से है।
संक्रमण के लक्षण और फैलने की वजह
विशेषज्ञों के अनुसार H1N1 एक प्रकार का वायरल इन्फेक्शन है, जो संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने या बात करने के दौरान निकलने वाली बूंदों (ड्रॉपलेट्स) के संपर्क में आने से फैलता है। इसके मुख्य लक्षणों में अचानक तेज बुखार, सूखी खांसी, गले में खराश, नाक बहना या बंद होना, सिरदर्द, बदन दर्द और अत्यधिक थकान शामिल हैं। बच्चों में उल्टी और दस्त की शिकायत भी देखने को मिल सकती है।
इन लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत
  • वरिष्ठ नागरिक (सीनियर सिटीजन) और छोटे बच्चे
  • गर्भवती महिलाएं
  • डायबिटीज, हृदय रोग और किडनी की बीमारी से पीड़ित मरीज
  • अस्थमा या फेफड़ों की पुरानी बीमारी वाले मरीज
  • कमजोर इम्युनिटी (प्रतिरोधक क्षमता) वाले लोग
खुद से एंटीबायोटिक न लें, डॉक्टर की सलाह जरूरी
सिनर्जी अस्पताल के पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. लवकुश चौधरी और दून अस्पताल के सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा का कहना है कि H1N1 को लेकर पैनिक होने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि ज्यादातर मामले हल्के होते हैं और पर्याप्त आराम व लिक्विड डाइट से मरीज घर पर ही ठीक हो जाते हैं। हालांकि, लगातार तेज बुखार, सांस लेने में तकलीफ, सीने में दर्द, होंठ या चेहरे का नीला पड़ना और ऑक्सीजन लेवल कम होना जैसे गंभीर लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। विशेषज्ञों ने यह भी स्पष्ट किया कि यह एक वायरल इन्फेक्शन है, इसलिए बिना डॉक्टरी सलाह के खुद से एंटीबायोटिक दवाएं लेने से बचें।
फ्लू से बचाव के मुख्य उपाय
  • खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को टिशू या रुमाल से ढकें।
  • हाथों को साबुन और पानी से नियमित रूप से अच्छी तरह साफ करें।
  • बिना हाथ धोए आंख, नाक और मुंह को न छुएं।
  • भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क का प्रयोग करें और अस्वस्थ होने पर दूसरों से दूरी बनाकर रखें।
Exit mobile version