
हल्द्वानी। कोचिंग के बाहर साथी छात्र की पिटाई करना एक किशोर को उस वक्त भारी पड़ गया, जब उसकी मां को इस बात की भनक लगी। बेटे की हरकत से आक्रोशित मां सीधे कोतवाली पहुंची और पुलिसकर्मियों के सामने ही चप्पल निकालकर बेटे की जमकर पिटाई कर दी। मां के इस रौद्र रूप को देखकर कुछ देर के लिए कोतवाली परिसर में कौतूहल और सन्नाटे का माहौल बना रहा।
12वीं के छात्रों में कोचिंग के बाहर हुई थी मारपीट, शिकायत पर पुलिस ले आई थी थाने
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जेल रोड हीरानगर और बरेली रोड निवासी 12वीं के दो अलग-अलग स्कूलों के छात्र शनिवार शाम नवाबी रोड स्थित एक कोचिंग सेंटर गए थे। कोचिंग के बाहर दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि बरेली रोड निवासी छात्र ने अपने कुछ दोस्तों को बुलाकर दूसरे छात्र की लात-घूंसों से जमकर पिटाई कर दी। पीड़ित छात्र की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस रविवार को आरोपी छात्र को पकड़कर कोतवाली ले आई थी।
बेटे की करतूत पर गुस्सा हुई मां, बाद में दोनों पक्षों में हुआ समझौता
जैसे ही आरोपी छात्र की मां को बेटे के थाने में होने की जानकारी मिली, वह तुरंत कोतवाली पहुंचीं। बेटे की करतूत पर शर्मिंदा और नाराज मां ने पुलिस के सामने ही चप्पल उतारकर उसकी धुनाई शुरू कर दी। बाद में पुलिस व मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। अंततः पीड़ित पक्ष द्वारा बात आगे न बढ़ाने पर सहमति जताई गई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता कराकर मामला शांत कराया गया।