हिमालय प्रहरी

8 अगस्त को हल्द्वानी से बजेगा परिवर्तन का बिगुल, कांग्रेस की हुंकार से बदलेगा उत्तराखंड का सियासी मिजाज : संदीप सहगल

खबर शेयर करें -

राजू अनेजा,काशीपुर। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मेयर प्रत्याशी संदीप सहगल ने कहा कि आगामी 8 अगस्त को हल्द्वानी का रामलीला मैदान उत्तराखंड की राजनीति में परिवर्तन का सबसे बड़ा मंच बनने जा रहा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की विशाल जनसभा प्रदेश में बदलाव का शंखनाद करेगी और जनता को नई दिशा देने का काम करेगी।

संदीप सहगल ने कहा कि उत्तराखंड की जनता आज बेरोजगारी, महंगाई, पेपर लीक, भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून व्यवस्था से त्रस्त है। ऐसे में कांग्रेस की यह जनसभा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं, किसानों, महिलाओं और आम जनता की आवाज बनने जा रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पूरे कुमाऊं से हजारों की संख्या में हल्द्वानी पहुंचेंगे। जनसभा में उमड़ने वाला जनसैलाब यह संदेश देगा कि प्रदेश की जनता अब परिवर्तन चाहती है। उन्होंने काशीपुर समेत पूरे ऊधमसिंहनगर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रैली को ऐतिहासिक बनाने की अपील की।

संदीप सहगल ने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का संबोधन आगामी विधानसभा चुनावों की दिशा तय करने वाला साबित होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि हल्द्वानी से उठने वाली परिवर्तन की आवाज पूरे उत्तराखंड में गूंजेगी और प्रदेश की राजनीति को नई दिशा देगी।

Exit mobile version