हिमालय प्रहरी

सीएम दरबार में गूंजी काशीपुर के विकास की आवाज, महापौर दीपक बाली ने रखा शहर के सुनहरे भविष्य का रोडमैप

खबर शेयर करें -

सचिवालय पहुंचकर मुख्यमंत्री से की अहम मुलाकात, करोड़ों की योजनाओं को जल्द मंजूरी देने का किया अनुरोध

राजू अनेजा,काशीपुर। काशीपुर नगर को आधुनिक, स्वच्छ और सुव्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में महापौर दीपक बाली ने बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने देहरादून स्थित सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट कर नगर निगम की विभिन्न लंबित विकास योजनाओं को शीघ्र प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया। इस दौरान महापौर ने मुख्यमंत्री को अलग-अलग पत्र सौंपकर नगर निगम क्षेत्र में प्रस्तावित परियोजनाओं का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया और कहा कि इन योजनाओं के समय पर अनुमोदन से शहर के विकास को नई गति मिलेगी तथा आम नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

 

वेंडिंग जोन, डॉग शेल्टर और 17 नए वार्डों के विकास कार्यों पर दिया विशेष जोर

महापौर दीपक बाली ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि पूर्व में की गई घोषणाओं के अनुरूप कई महत्वपूर्ण विकास कार्य अभी स्वीकृति की प्रतीक्षा में हैं। उन्होंने शहर में पांच आधुनिक वेंडिंग जोन के निर्माण, बेसहारा पशुओं के लिए डॉग शेल्टर होम, नगर निगम में शामिल 17 नए वार्डों में सड़क, नाला और नाली निर्माण, ढेला पुल के समीप व्यावसायिक परिसर के निर्माण, अवस्थापना निधि से स्वीकृत कार्यों में आवश्यक संशोधन तथा अतिरिक्त धनराशि जारी करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से शहर का स्वरूप बदलेगा और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

 

एलईडी लाइट, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और आईसीसीसी जैसी आधुनिक परियोजनाओं को भी दिलाने की मांग

महापौर ने मुख्यमंत्री के समक्ष नगर निगम की उन योजनाओं का भी उल्लेख किया, जिनका उद्देश्य काशीपुर को आधुनिक और तकनीकी रूप से सक्षम शहर बनाना है। उन्होंने पूरे नगर क्षेत्र में एलईडी आधारित आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन परियोजनाओं को मजबूती देने, गौशाला निर्माण, निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट (सी एंड डी वेस्ट) प्रबंधन प्लांट की स्थापना तथा इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) स्थापित करने के प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृति देने का अनुरोध किया। उनका कहना था कि इन परियोजनाओं से शहर की सफाई व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं में व्यापक सुधार आएगा।

 

30.52 करोड़ की एनसीएपी परियोजनाओं के लिए अतिरिक्त बजट की मांग

महापौर दीपक बाली ने राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित 30.52 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का भी मुख्यमंत्री के समक्ष विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों की व्यवस्था, व्यापक जनजागरूकता अभियान, मियावाकी पद्धति से डिवाइडरों पर पौधारोपण, सड़क किनारे हरित पट्टियों का विकास तथा अन्य पर्यावरण संरक्षण संबंधी कार्यों के लिए अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के लागू होने से काशीपुर में प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण को नई मजबूती मिलेगी।

 

वर्ष 2025-26 की लंबित धनराशि जल्द जारी करने की भी उठाई मांग

महापौर ने मुख्यमंत्री को यह भी बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत स्वीकृत धनराशि का एक महत्वपूर्ण हिस्सा अभी तक जारी नहीं हो पाया है। उन्होंने अनुरोध किया कि लंबित राशि शीघ्र अवमुक्त की जाए, ताकि नगर निगम द्वारा प्रस्तावित विकास कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जा सकें और निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

 

काशी की तर्ज पर विकसित होगा काशीपुर’— महापौर दीपक बाली

मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद महापौर दीपक बाली ने कहा कि उनकी मुलाकात अत्यंत सकारात्मक और सार्थक रही। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की दूरदर्शी सोच और विकास के प्रति प्रतिबद्धता के चलते काशीपुर की सभी महत्वपूर्ण योजनाओं को शीघ्र स्वीकृति मिलेगी। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य काशीपुर को आधुनिक सुविधाओं से युक्त, स्वच्छ, सुव्यवस्थित और विकास के नए आयाम स्थापित करने वाला शहर बनाना है। मुख्यमंत्री के सहयोग से नगर की आधारभूत संरचना मजबूत होगी, विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और काशीपुर को वास्तव में ‘काशी की तर्ज पर’ सजाने और संवारने का सपना साकार होगा।

 

Exit mobile version