
लालकुआं। लालकुआं और आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। एक सप्ताह पूर्व नगर पंचायत लालकुआं के पूर्व अध्यक्ष के घर से बाइक चोरी होने की वारदात के बाद अब निकटवर्ती मोटाहल्दू में दिनदहाड़े मोटरसाइकिल चोरी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर सौंपकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और वाहन बरामदगी की गुहार लगाई है। वहीं लालकुआं रेलवे स्टेशन परिसर से भी एक व्यक्ति की स्कूटी चोरी हो गई, हालांकि तेल खत्म होने के कारण चोर वाहन को हल्द्वानी मार्ग पर छोड़कर फरार हो गया।
कार्यालय के बाहर खड़ी बाइक ले उड़े चोर
जानकारी के अनुसार, बेरीपड़ाव निवासी आयुष कुमार शनिवार को किसी काम से मोटाहल्दू स्थित ‘माय डिजिटल सर्विस’ के कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल (UK 04 AE 0345) दफ्तर के बाहर पार्किंग में खड़ी की थी। थोड़ी देर बाद जब वह बाहर आए तो बाइक गायब थी। काफी खोजबीन के बाद भी जब वाहन का पता नहीं चला, तो आयुष ने कोतवाली पुलिस को लिखित तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
पेट्रोल खत्म हुआ तो सड़क किनारे स्कूटी छोड़ भागा चोर
दूसरी घटना लालकुआं रेलवे स्टेशन की है, जहां एक व्यक्ति अपने रिश्तेदार को ट्रेन में बैठाने गया था। इस दौरान स्टेशन परिसर में खड़ी उसकी स्कूटी अज्ञात चोर उड़ा ले गया। सौभाग्य से हल्द्वानी मार्ग पर चलते समय स्कूटी का पेट्रोल खत्म हो गया, जिसके चलते चोर वाहन को सड़क किनारे छोड़कर रफूचक्कर हो गया। क्षेत्र में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं से स्थानीय निवासियों और व्यापारियों में भारी रोष है, उन्होंने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने की मांग की है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें