हिमालय प्रहरी

एक दीप पुरखों के नाम: विभाजन विभीषिका की पूर्व संध्या पर एमपी चौक पर जगमगाएंगे हजारों दीप

खबर शेयर करें -

 

उत्तरांचल पंजाबी महासभा काशीपुर का आयोजन, विभाजन की त्रासदी में जान गंवाने वाले पुरखों को दी जाएगी श्रद्धांजलि;

यूथ कार्यकारिणी का हुआ विस्तार

राजू अनेजा, काशीपुर। विभाजन विभीषिका की पूर्व संध्या पर उत्तरांचल पंजाबी महासभा काशीपुर इकाई की ओर से ‘एक दीप पुरखों के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। 13 अगस्त की शाम सात बजे महाराणा प्रताप चौक (एमपी चौक) पर भव्य दीप प्रज्वलित कर देश के विभाजन के दौरान अपने प्राण गंवाने वाले और विस्थापन की पीड़ा झेलने वाले पुरखों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
उत्तरांचल पंजाबी महासभा की यूथ कार्यकारिणी की बैठक में कार्यक्रम को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक के दौरान महासभा के वरिष्ठ पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। साथ ही संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से यूथ कार्यकारिणी का विस्तार भी किया गया।
बैठक में आगामी 14 अगस्त को हरिद्वार में आयोजित होने वाले विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम में काशीपुर से अधिक से अधिक संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि हरिद्वार का कार्यक्रम ऐतिहासिक बनाने के लिए समाज के लोगों को एकजुट होकर सहभागिता करनी चाहिए।
इसी क्रम में 13 अगस्त को एमपी चौक पर आयोजित होने वाले ‘एक दीप पुरखों के नाम’ कार्यक्रम को लेकर भी रूपरेखा तय की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि विभाजन की त्रासदी केवल इतिहास का एक अध्याय नहीं, बल्कि लाखों परिवारों के दर्द, संघर्ष और बलिदान की कहानी है। दीप प्रज्वलन के माध्यम से उन सभी ज्ञात-अज्ञात पुरखों को नमन किया जाएगा, जिन्होंने विभाजन की विभीषिका में अपने प्राण गंवाए या अपना घर-बार छोड़ने को मजबूर हुए।
महासभा ने समाज के सभी वर्गों से 13 अगस्त की शाम सात बजे एमपी चौक पहुंचकर ‘एक दीप पुरखों के नाम’ जलाने की अपील की है। कार्यक्रम को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए यूथ कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं।

Exit mobile version