देहरादून: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूड़ी के आकस्मिक निधन पर राज्य सरकार ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रदेश में तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शासन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं।
19 मई से 21 मई तक रहेगा राजकीय शोक
शासकीय आदेश के अनुसार, राज्य में 19 मई से 21 मई तक तीन दिन का राजकीय शोक रहेगा। इस अवधि के दौरान प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों, प्रतिष्ठानों और महत्वपूर्ण भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) आधा झुका रहेगा। इसके साथ ही इस दौरान राज्य सरकार द्वारा आयोजित किए जाने वाले सभी प्रकार के शासकीय मनोरंजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम तत्काल प्रभाव से स्थगित रहेंगे।
राजनीतिक जगत में शोक की लहर
मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी को उत्तराखंड की राजनीति में एक सख्त, बेहद ईमानदार और अनुशासित नेता के रूप में जाना जाता था। उनके जाने से न सिर्फ भारतीय जनता पार्टी बल्कि पूरे प्रदेश के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में एक शून्यता आ गई है। उनके निधन की खबर से प्रदेशभर में शोक की लहर है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों और आम जनमानस ने ‘जनरल साहब’ को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें सिद्धांतों की राजनीति का एक मजबूत स्तंभ बताया है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें
