
हल्द्वानी/चोरगलिया। घर से स्कूल जाने के बहाने अचानक गायब हुई तीन छात्राओं को नैनीताल पुलिस ने कड़ी मशक्कत, सर्विलांस और सीसीटीवी कैमरों की मदद से हिमाचल प्रदेश के बद्दी क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया है। 18 सितंबर को चोरगलिया क्षेत्र से दो सगी बहनों समेत तीन छात्राएं (दो नाबालिग व एक बालिग) अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थीं। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने धारा 140(3) BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर उनकी खोजबीन शुरू की थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तुरंत विशेष पुलिस टीम गठित कर बालिकाओं की सुरक्षित बरामदगी के निर्देश दिए थे।
नौकरी की तलाश में हिमाचल पहुंची थीं छात्राएं; काउंसलिंग के बाद परिजनों के सुपुर्द
एसपी सिटी मनोज कत्याल और सीओ हल्द्वानी रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम ने चोरगलिया, हल्द्वानी, काठगोदाम और रुद्रपुर के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और सर्विलांस इनपुट के आधार पर सुराग मिलते ही पुलिस टीम ने हिमाचल प्रदेश में दबिश देकर तीनों बालिकाओं को सुरक्षित ट्रैक कर लिया। पुलिस पूछताछ में बालिकाओं ने बताया कि वे बिना किसी को बताए नौकरी की तलाश में बद्दी (हिमाचल) चली गई थीं। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या अनहोनी की पुष्टि नहीं हुई है। कानूनी प्रक्रिया और मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराने के बाद तीनों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। अपनी बेटियों को सकुशल पाकर परिजनों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने नैनीताल पुलिस की त्वरित कार्रवाई व तत्परता की भूरि-भूरि प्रशंसा की।