![]()
चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले के नारायणबगड़ विकासखंड से स्वास्थ्य विभाग को झकझोर देने वाली एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) नारायणबगड़ के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन डिमरी की शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब डॉ. डिमरी अस्पताल परिसर के समीप स्थित आवासीय भवन के पीछे एक क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद अस्पताल के कर्मचारियों ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया और गंभीर हालत को देखते हुए 108 एंबुलेंस की मदद से हायर सेंटर रेफर किया, लेकिन दुर्भाग्यवश अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. गुप्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए इसे स्वास्थ्य विभाग के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है। डॉ. नवीन डिमरी लंबे समय से पीएचसी नारायणबगड़ में अपनी सेवाएं दे रहे थे और अपने सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व व मरीजों के प्रति समर्पण के कारण पूरे क्षेत्र में बेहद लोकप्रिय थे।
इस दुखद घटना की खबर फैलते ही स्वास्थ्य विभाग सहित पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय युवक संजय कंडारी, भाजपा नेता कमलेश सती और जिला पंचायत सदस्य सुरेंद्र कनेरी सहित कई गणमान्य लोगों ने डॉ. डिमरी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि उन्होंने हमेशा विषम परिस्थितियों में भी लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दीं। उनके असामयिक निधन से सहयोगियों और स्थानीय जनता की आंखें नम हैं, जो उन्हें एक समर्पित, कर्मठ और कर्तव्यनिष्ठ चिकित्सक के रूप में याद कर रहे हैं।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें