हिमालय प्रहरी

नैनीताल में दर्दनाक हादसा: कार में अंगीठी जलाकर सोए ड्राइवर की दम घुटने से मौत

खबर शेयर करें -

राजू अनेजा,नैनीताल। ठंड से बचने के लिए कार के भीतर अंगीठी जलाना एक चालक को भारी पड़ गया। नैनीताल में पार्किंग में खड़ी कार के अंदर सो रहे एक टैक्सी चालक की दम घुटने से मौत हो गई। मृतक उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले का निवासी था और नोएडा से पर्यटकों को घुमाने के लिए नैनीताल आया था।

 

पर्यटकों को होटल छोड़कर पार्किंग में खड़ी की थी कार
मथुरा (सिरोहा, यमुनापार) निवासी मनीष गंधार शनिवार को नोएडा से पर्यटकों को लेकर नैनीताल पहुंचे थे। दिनभर घुमाने के बाद रात में पर्यटकों को होटल छोड़ दिया। इसके बाद करीब रात 9 बजे उन्होंने अपनी कॉमर्शियल कार को सूखाताल पार्किंग में खड़ा कर दिया।
ठंड से बचने को जलाई अंगीठी, बंद कर लिए शीशे
भीषण ठंड से बचने के लिए मनीष ने कार के भीतर कोयले की अंगीठी जलाई, चारों शीशे बंद किए और पीछे की सीट पर कंबल ओढ़कर सो गए। बंद गाड़ी में अंगीठी से निकलने वाली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस धीरे-धीरे भरती चली गई और उनकी सांसें थम गईं।

सुबह तक नहीं हुई हलचल, तो हुआ शक

रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे तक भी जब कार में कोई हलचल नहीं हुई, तो पार्किंग कर्मियों को शक हुआ। आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने शीशा तोड़कर निकाला बाहर

सूचना पर कोतवाल हेम चंद्र पंत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वाहन को हिलाने पर भी चालक नहीं उठा, तो पुलिस ने कार का शीशा तोड़कर मनीष को बाहर निकाला। उस वक्त उनके मुंह से झाग निकल रहा था। उन्हें तत्काल बीडी पांडे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
कोतवाल हेम चंद्र पंत ने बताया कि कार के भीतर अंगीठी रखी मिली है। मौत के सटीक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी। परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद पंचनामा और आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सावधान! बंद जगह में अंगीठी बन सकती है जानलेवा
ठंड के मौसम में हर साल देशभर से ऐसे हादसों की खबरें सामने आती हैं। बंद कमरे, कार या टेंट में अंगीठी, सिगड़ी या कोयला जलाने से कार्बन मोनोऑक्साइड गैस निकलती है, जो रंगहीन और गंधहीन होती है। यह गैस धीरे-धीरे दम घुटने का कारण बनती है और व्यक्ति को इसका अहसास भी नहीं होता।
विशेषज्ञों की सलाह
बंद जगह में कभी अंगीठी या कोयला न जलाएं
सोते समय हीटर या अंगीठी का प्रयोग न करें
कार के भीतर आग या कोयले का इस्तेमाल बिल्कुल न करें

Exit mobile version