हिमालय प्रहरी

किच्छा में दर्दनाक सड़क हादसा: ड्यूटी से घर लौट रहे रेलवे कर्मचारी (पूर्व सैनिक) की मौत, अज्ञात वाहन की टक्कर से मौके पर तोड़ा दम

खबर शेयर करें -

किच्छा (ऊधमसिंह नगर)। किच्छा शुगर मिल के सामने देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे रेलवे कर्मचारी व पूर्व सैनिक भगत सिंह बोरा (42 वर्ष) की दर्दनाक मौत हो गई। भगत सिंह बिंदुखत्ता के निवासी थे और तीन वर्ष पूर्व ही भारतीय सेना से सेवानिवृत्त होकर रेलवे विभाग में भर्ती हुए थे। वर्तमान में वह किच्छा रेलवे फाटक पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

ड्यूटी से लौटते वक्त हुआ हादसा

परिजनों के मुताबिक, भगत सिंह की ड्यूटी रात 12 बजे समाप्त हुई थी, जिसके बाद वह बाइक से अपने घर के लिए निकले। रात करीब 12:05 बजे शुगर फैक्ट्री के सामने पहुंचते ही किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि भगत सिंह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वह अपने पीछे पत्नी, आठ वर्षीय पुत्र और छह वर्षीय पुत्री को छोड़ गए हैं। इस असामयिक हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज

किच्छा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रवि सैनी ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहन और चालक की पहचान के लिए घटनास्थल तथा आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वाहन की पहचान होते ही आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version