हिमालय प्रहरी

रुद्रपुर: सिडकुल में माल पहुंचाने आए पंजाब के ट्रक चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, हार्ट अटैक की आशंका

खबर शेयर करें -

रुद्रपुर:

पंतनगर सिडकुल की टीबीटी (TBT) कंपनी में पंजाब से माल पहुंचाने आए एक 36 वर्षीय ट्रक चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुरुवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद चालक बेसुध हो गया, जिसे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची सिडकुल चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है।

पंजाब से माल लेकर आ रहा था चालक, सुबह अचानक बिगड़ी तबीयत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लंगडोबा (थाना बालाचौर, नवांशहर होशियारपुर, पंजाब) निवासी हरजीत सिंह (36 वर्ष, पुत्र चरणजीत सिंह) पेशे से ट्रक चालक था। वह बुधवार की देर रात अपने एक साथी चालक के साथ पंजाब से ट्रक में माल लादकर पंतनगर सिडकुल स्थित टीबीटी कंपनी के लिए रवाना हुआ था। बताया जा रहा है कि गुरुवार की सुबह सिडकुल क्षेत्र में पहुंचते ही अचानक हरजीत सिंह की तबीयत खराब हो गई और वह देखते ही देखते बेसुध हो गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होंगे मौत के कारण

हरजीत को बेसुध हालत में देख आसपास के लोगों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना पर तत्काल सिडकुल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

“प्रथम दृष्टया ट्रक चालक की मौत का कारण दिल का दौरा (हार्ट अटैक) होना लग रहा है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के वास्तविक और सटीक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।”

हेमंत कठायत, सिडकुल चौकी प्रभारी

Exit mobile version