
लालकुआं। हल्द्वानी की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर लालकुआं रेलवे स्टेशन के ठीक सामने फड़ एवं खोखे में जा घुसी। गनीमत यह रही कि घटना के समय मौके पर अधिक भीड़भाड़ नहीं थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, दुर्घटना के दौरान एक ऑटो, एक ठेला और काफी सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
ऑटो को टक्कर मारने के बाद ठेले में घुसी कार, क्रेन से हटाई गई गाड़ी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम लगभग 8 बजे हल्द्वानी की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई। दुकान में घुसने से पहले कार ने एक ऑटो में जोरदार टक्कर मारी और उसके बाद सड़क किनारे लगे फड़-नुमा ठेले में जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ठेले में रखा सारा सामान बिखर गया और कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कार में सवार युवकों को बमुश्किल बाहर निकाला और कोतवाली पुलिस को सूचना देकर उन्हें पुलिस के सुपुर्द कर दिया। देर रात तक दोनों पक्षों के बीच समझौते को लेकर बातचीत चलती रही। बाद में पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को क्रेन की मदद से सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया।