हिमालय प्रहरी

जंतर-मंतर प्रदर्शन के बाद कानूनी शिकंजे में उपद्रवी: दिल्ली पुलिस ने 4 बड़े सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को भेजा नोटिस, गृह मंत्री अमित शाह ने ली उच्चस्तरीय बैठक

खबर शेयर करें -

नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान भड़की हिंसा, पुलिस पर पथराव और सोशल मीडिया के जरिए भ्रम फैलाने व अभद्र टिप्पणियां करने के मामले में सरकार और दिल्ली पुलिस सख्त रुख अपना चुकी है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल IFSO (इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटजिक ऑपरेशन्स) ने फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स (ट्विटर) और यूट्यूब को नोटिस भेजकर हिंसा से जुड़ी भ्रामक जानकारी और अभद्र सामग्री वाले पोस्ट व वीडियो तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं।

सुरक्षा को लेकर गृह मंत्री की अहम बैठक

देश के मौजूदा हालात और आंतरिक सुरक्षा की समीक्षा के लिए गृह मंत्री अमित शाह ने संसद भवन में एक उच्चस्तरीय बैठक की। इस बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल, गृह सचिव, आईबी (IB) चीफ और सभी अर्धसैनिक बलों (Paramilitary Forces) के महानिदेशक (DG) मौजूद रहे। करीब 40 मिनट चली इस बैठक में देश की आंतरिक सुरक्षा और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच आपसी तालमेल को और मजबूत करने पर गहन चर्चा हुई।

कानूनी कार्रवाई से सहमे उपद्रवी, संसद में भी उठा मुद्दा

सुप्रीम कोर्ट के सख्त आदेशों के बाद प्रदर्शन के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले उपद्रवियों पर कानूनी कार्रवाई तय मानी जा रही है, जिससे हिंसा में शामिल रहे लोगों में हड़कंप मचा है। उधर, इस मुद्दे को लेकर संसद में भी हंगामा हुआ। राज्यसभा में विपक्ष ने वामपंथी नेता आइशी घोष पर पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार को घेरने की कोशिश की, जिस पर सत्ता पक्ष ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2021 के एक मामले में कोर्ट से जारी गैर-जमानती वारंट के तहत यह कार्रवाई की गई है और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई जारी रहेगी।

Exit mobile version