
किच्छा (ऊधमसिंह नगर)। किच्छा नगर पालिका चुनाव का मतदान संपन्न होने के बाद मंगलवार देर रात स्ट्रांग रूम के बाहर एक बार फिर हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। मतपेटियों को स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखे जाने की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस के नगर पालिका अध्यक्ष प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह ने करीब छह मतपेटियों को बदले जाने की गंभीर आशंका व्यक्त की और प्रशासन पर पारदर्शिता न बरतने का आरोप लगाया। देर रात 11 से 12 बजे के बीच स्ट्रांग रूम परिसर में प्रत्याशी, उनके समर्थकों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस कर्मियों को प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह को स्ट्रांग रूम परिसर से बाहर ले जाना पड़ा, जिससे मौके पर काफी गहमागहमी बनी रही।
पूर्व विधायक ठुकराल ने भी उठाए सवाल, भाजपा ने आरोपों को बताया ‘हार की बौखलाहट’
हंगामे की सूचना मिलने पर रुद्रपुर के पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी देर रात मौके पर पहुंचे और उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी के आरोपों का समर्थन करते हुए मतपेटियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े किए। हालांकि, कांग्रेस द्वारा लगाए गए इन आरोपों की प्रशासनिक स्तर पर कोई स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। दूसरी ओर, भाजपा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी मतदान के दिन से ही अपनी संभावित हार देखकर बौखला गई है और जनता में भ्रम फैलाने के लिए झूठी अफवाहें उड़ा रही है। फिलहाल हाईकोर्ट के आदेशानुसार मतगणना स्थगित है और प्रशासन ने स्ट्रांग रूम के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी है।