
देहरादून। आगामी राजनीतिक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों के मद्देनजर संगठन को धार देने के उद्देश्य से उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने प्रदेश के सभी 19 सांगठनिक जिलों के लिए नए जिला प्रभारी और सह-प्रभारियों की घोषणा कर दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट की सहमति के बाद पार्टी के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार द्वारा यह अधिकृत सूची जारी की गई। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि यह नियुक्तियां गढ़वाल से लेकर कुमाऊं मंडल तक संगठन को बूथ स्तर तक अधिक सक्रिय, अनुशासित और मजबूत बनाने की दिशा में की गई हैं।
गढ़वाल मंडल के जिलों में इन्हें मिली कमान
जारी नई सूची के अनुसार, उत्तरकाशी में नवीन ठाकुर को प्रभारी व विनोद रतूड़ी को सह-प्रभारी बनाया गया है। चमोली में संपत सिंह रावत प्रभारी व महावीर पंवार सह-प्रभारी, रुद्रप्रयाग में सतीश लखेड़ा प्रभारी व रघुवीर सिंह बिष्ट सह-प्रभारी तथा टिहरी में अनिल गोयल को प्रभारी व सतेंद्र राणा को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। देहरादून ग्रामीण में नेहा जोशी प्रभारी व पवन चौधरी सह-प्रभारी, देहरादून महानगर में राकेश गिरी प्रभारी व संजय गुप्ता सह-प्रभारी और ऋषिकेश में डॉ. स्वराज विद्वान प्रभारी व अमन त्यागी सह-प्रभारी बने हैं। वहीं हरिद्वार में शैलेंद्र सिंह बिष्ट को प्रभारी व दीपक धीमान को सह-प्रभारी, रुड़की में आदित्य चौहान को प्रभारी व रविंद्र कटारिया को सह-प्रभारी, पौड़ी में नलिन भट्ट को प्रभारी व रविंद्र राणा को सह-प्रभारी तथा कोटद्वार में रमेश मैखुरी को प्रभारी व संदीप गोयल को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।
कुमाऊं मंडल के जिलों में नई नियुक्तियां
कुमाऊं क्षेत्र के अंतर्गत पिथौरागढ़ में निर्मल मेहरा प्रभारी व रवि रौतेला सह-प्रभारी, बागेश्वर में वीरेंद्र वल्दिया प्रभारी व राकेश जोशी सह-प्रभारी, रानीखेत में प्रदीप जनौटी प्रभारी व गौरव पांडे सह-प्रभारी तथा अल्मोड़ा में राजेंद्र सिंह बिष्ट प्रभारी व दीपिका बोहरा सह-प्रभारी बनाए गए हैं। इसके अलावा चंपावत में गुंजन सुखीजा को प्रभारी व हिमांशु बिष्ट को सह-प्रभारी, नैनीताल में विवेक सक्सेना को प्रभारी व रणदीप पोखरिया को सह-प्रभारी, काशीपुर में पुष्कर सिंह काला को प्रभारी व भारत भूषण चुग को सह-प्रभारी और ऊधम सिंह नगर जिले में खिलेंद्र चौधरी को प्रभारी व साकेत अग्रवाल को सह-प्रभारी की कमान सौंपी गई है।
प्रदेश नेतृत्व और जिला संगठन के बीच सेतु का काम करेंगे प्रभारी
पार्टी नेतृत्व का मानना है कि जिला प्रभारी व सह-प्रभारी प्रदेश संगठन और जिला इकाइयों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं। इनके माध्यम से प्रदेश नेतृत्व के निर्देशों, विभिन्न अभियानों और जनकल्याणकारी नीतियों को धरातल तक पहुँचाने में तेजी आएगी। सभी नवनियुक्त पदाधिकारी अपने-अपने प्रभार वाले जिलों में पहुंचकर कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करेंगे और संगठनात्मक बैठकों व कार्यक्रमों का कुशलतापूर्वक संचालन करेंगे।