स्वास्थ्य लाभ के बाद फिर सक्रिय हुए पूर्व सीएम हरीश रावत: दिल्ली में CWC की बैठक में हुए शामिल, गणेश गोदियाल बोले- आगामी चुनाव और संगठन पर जारी रहेगा मंथन
देहरादून/नई दिल्ली। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत एक बार फिर राजनीतिक पटल पर पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहे हैं। दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में तबीयत बिगड़ने के बाद चिकित्सकों ने उन्हें आराम की सलाह दी थी, जिसके बाद वे दिल्ली स्थित अपने आवास पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे थे। अब सेहत में सुधार होते ही उन्होंने नई दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में आयोजित ‘कांग्रेस वर्किंग कमेटी’ (CWC) की महत्वपूर्ण बैठक में शिरकत की।
सीडब्ल्यूसी बैठक में वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य और कार्ययोजना पर हुई चर्चा
हरीश रावत ने सोशल मीडिया के माध्यम से बैठक में शामिल होने की जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस उच्चस्तरीय बैठक में कांग्रेस संसदीय दल (CPP) की अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत पार्टी के तमाम वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान देश के वर्तमान राजनीतिक व सामाजिक परिदृश्य पर गहराई से मंथन किया गया और पार्टी की आगामी रणनीति तथा कार्ययोजना की रूपरेखा तैयार की गई। हरीश रावत की इस सक्रियता ने एक बार फिर उनके राजनीति से संन्यास लेने की तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया है।
संगठन विस्तार, SIR प्रक्रिया और चुनाव कैंपेनिंग को लेकर दिल्ली में बैठकों का दौर जारी
उधर, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि दिल्ली में पार्टी आलाकमान के साथ मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (S.I.R.) की प्रक्रिया और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की स्थिति को लेकर विस्तृत चर्चा हो चुकी है। उन्होंने जानकारी दी कि संगठन को मजबूती देने, कमियों को दूर करने, नई समितियों के गठन तथा आगामी चुनाव के प्रचार अभियान (कैंपेनिंग) को लेकर रणनीति बनाई जा रही है। गोदियाल के अनुसार, सीडब्ल्यूसी की बैठक के बाद 20 अगस्त को भी दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई है और संगठन की मजबूती के लिए बैठकों का यह सिलसिला आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

