देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस ने एक बार फिर केंद्र सरकार की ‘अग्निवीर योजना’ को लेकर मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अग्निवीर योजना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर दीये जलाने की अपील को लेकर केंद्र व राज्य सरकार पर तीखे प्रहार किए। चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि उत्तराखंड की सैन्य परंपरा अत्यंत गौरवशाली रही है और पर्वतीय जिलों के हजारों परिवारों के लिए सेना में स्थायी नौकरी पीढ़ियों से आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा का आधार रही है। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश के युवाओं को पक्की नौकरी चाहिए, 4 साल का अस्थायी इंतजार नहीं।
4 साल की सेवा से युवाओं का भविष्य और सेना का मनोबल प्रभावित, पीएम के जन्मदिन पर दीये जलाने की होड़ पर भी उठाए सवाल
प्रेस वार्ता में हरक सिंह रावत ने कहा कि सैन्य बाहुल्य प्रदेश के युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है और 4 साल बाद घर लौटने वाले अग्निवीरों के रोजगार को लेकर सरकार के पास कोई स्पष्ट योजना नहीं है। कांग्रेस नेताओं ने अग्निपथ योजना को राष्ट्रीय सुरक्षा और सेना की युद्ध क्षमता के लिए घातक बताते हुए सभी अग्निवीरों को नियमित (रेगुलर) करने की मांग की। इसके साथ ही, पीएम मोदी के जन्मदिन पर भाजपा नेताओं द्वारा दीये जलाने की होड़ पर गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह और हरक सिंह रावत ने सवाल उठाते हुए कहा कि तेल के दीए जलाने के बजाय सरकार को उन गरीब परिवारों की चिंता करनी चाहिए जिनके घरों में शाम का चूल्हा भी बड़ी मुश्किल से जलता है।