हिमालय प्रहरी

हरिद्वार कूच की तैयारी में जुटी उत्तरांचल पंजाबी महासभा, काशीपुर में बनी रणनीति

खबर शेयर करें -

14 अगस्त के राज्य स्तरीय ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ कार्यक्रम में अधिक से अधिक सहभागिता का आह्वान, बसों की व्यवस्था करेगी महासभा

राजू अनेजा,काशीपुर।आगामी 14 अगस्त को हरिद्वार में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय “विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस” कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए उत्तरांचल पंजाबी महासभा, काशीपुर इकाई ने एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में समाज के अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक रणनीति बनाई गई।

सभा के अध्यक्ष संजय अरोरा ने कहा कि विभाजन की त्रासदी झेलने वाले लाखों परिवारों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को श्रद्धांजलि देने का यह ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने पंजाबी समाज से बड़ी संख्या में हरिद्वार पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले परिवारों की सुविधा के लिए उत्तरांचल पंजाबी महासभा द्वारा काशीपुर से बसों की विशेष व्यवस्था की गई है। इच्छुक लोग शीघ्र अपना पंजीकरण कराकर यात्रा की पुष्टि कर लें, ताकि सभी श्रद्धालु एवं समाजजन इस ऐतिहासिक आयोजन के सहभागी बन सकें।

बैठक में पदाधिकारियों ने घर-घर संपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को कार्यक्रम से जोड़ने का निर्णय लिया। साथ ही वर्ष 1947 से पूर्व वर्तमान पाकिस्तान में जन्मे वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान कराने के लिए उनके नाम भी शीघ्र उपलब्ध कराने की अपील की गई।

सभा पदाधिकारियों ने कहा कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विभाजन की पीड़ा झेलने वाले पूर्वजों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का राष्ट्रीय अवसर है। इसलिए प्रत्येक पंजाबी परिवार को इसमें अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए।बैठक में भारी संख्या में सभा का पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

 

Exit mobile version