हिमालय प्रहरी

उत्तराखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज; देहरादून-नैनीताल समेत 9 जिलों में बारिश व बर्फबारी का अलर्ट, दून में दर्ज हुई सीजन की सबसे ठंडी रात

खबर शेयर करें -
देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार को प्रदेश के नौ पर्वतीय एवं मैदानी जिलों में कहीं-कहीं हल्की से बहुत हल्की वर्षा और 3,200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है। मौसम में आ रहे इस बदलाव के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान में भारी गिरावट आने और ठंड का प्रकोप बढ़ने के आसार हैं। इससे पूर्व शनिवार को प्रदेश के मैदानी इलाकों में दिनभर धूप खिली रही, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल मंडराते रहे।

इन 9 जिलों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक राज्य के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में मौसम का असर दिखाई देगा। रविवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, देहरादून, बागेश्वर, चमोली, अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
वहीं, 3,200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात की संभावना जताई गई है। इसके अतिरिक्त, पर्वतीय क्षेत्रों की घाटियों में मध्यम कोहरा छाने का पूर्वानुमान है, जबकि शेष जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा।

देहरादून में 2023 के बाद अक्टूबर की सबसे ठंडी रात

राजधानी देहरादून में भी तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। शुक्रवार रात शहर का न्यूनतम तापमान गिरकर 13.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह वर्ष 2023 के बाद से अक्टूबर माह में दर्ज किया गया सबसे कम न्यूनतम तापमान है। साथ ही यह इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी रात भी रही। मौसम में आ रहे इस बदलाव के चलते सुबह और देर शाम के समय ठंड का अहसास बढ़ने लगा है।

प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
देहरादून 28.0 13.7
पंतनगर 28.7 19.6
मुक्तेश्वर 17.2 8.6
नई टिहरी 19.8 6.8
Exit mobile version