
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज अगले 24 घंटे के भीतर और ज्यादा तल्ख होने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। वहीं, देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा को देखते हुए मौसम विभाग ने ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी कर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। रविवार देर रात भी राजधानी देहरादून समेत कई हिस्सों में जोरदार बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई है।
सात जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट, बिजली चमकने और भूस्खलन की चेतावनी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, ऑरेंज अलर्ट वाले चार जिलों में आकाशीय बिजली चमकने के साथ ही वर्षा का अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर हो सकता है। इसके अलावा उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पौड़ी, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश की आशंका के चलते ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, मुख्य सड़कों के बाधित होने और नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ने की स्थिति पैदा हो सकती है, इसलिए संवेदनशील इलाकों में विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान
रविवार को राज्य के प्रमुख शहरों के तापमान की बात करें तो देहरादून का अधिकतम तापमान 33.5°C और न्यूनतम 24.0°C रहा। पंतनगर में अधिकतम 33.5°C और न्यूनतम 26.4°C दर्ज किया गया। पर्वतीय क्षेत्रों में मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 20.6°C व न्यूनतम 15.2°C तथा नई टिहरी का अधिकतम 26.4°C व न्यूनतम तापमान 16.2°C रिकॉर्ड किया गया।